भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की स्पेशल यूनिट-द्वितीय, जयपुर ने एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर ट्रेप कार्रवाई करते हुए गुरुवार को नाहरगढ़ अभयारण्य की काला महादेव चौकी पर तैनात वनपाल श्याम सिंह और वनरक्षक शिवकिशोर को कुल 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। वनपाल श्याम सिंह को 20 हजार रुपए और वनरक्षक शिवकिशोर को 30 हजार रुपए रिश्वत राशि लेते पकड़ा गया। शूटिंग की सिक्योरिटी राशि लौटाने के बदले मांगी रिश्वत एसीबी के महानिदेशक पुलिस गोविन्द गुप्ता ने बताया कि एसीबी स्पेशल यूनिट-द्वितीय, जयपुर को परिवादी ने शिकायत दी थी। शिकायत में बताया गया कि मावठा, आमेर में उसके द्वारा की गई शूटिंग से संबंधित सिक्योरिटी राशि वापस दिलवाने की एवज में वनपाल श्याम सिंह और वनरक्षक शिवकिशोर रिश्वत की मांग कर परेशान कर रहे हैं। शिकायत के अनुसार, वनपाल श्याम सिंह पहले ही परिवादी से 15 हजार रुपए रिश्वत राशि प्राप्त कर चुका था। इसके बाद वह 20 हजार रुपए और मांग रहा था। वहीं वनरक्षक शिवकिशोर की ओर से भी 30 हजार रुपए रिश्वत की मांग की जा रही थी। शिकायत का सत्यापन कर रची ट्रेप की योजना परिवादी की शिकायत का एसीबी टीम ने पहले सत्यापन किया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक पीयूष दीक्षित के सुपरविजन में कार्रवाई की योजना बनाई गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महावीर प्रसाद के नेतृत्व में एसीबी स्पेशल यूनिट-द्वितीय की टीम ने ट्रेप कार्रवाई को अंजाम दिया। कार्रवाई के दौरान वनपाल श्याम सिंह को 20 हजार रुपए और वनरक्षक शिवकिशोर को 30 हजार रुपए रिश्वत राशि लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया। एसीबी की निगरानी में पूछताछ जारी एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव और महानिरीक्षक पुलिस एस. परिमला के सुपरविजन में दोनों आरोपियों से पूछताछ और आगे की कार्रवाई जारी है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जाएगा।