सेंट्रल पार्क की पार्किंग से 50 साल के चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) राजीव गुप्ता के अपहरण के मामले में जयपुर पुलिस को दूसरे दिन शुक्रवार को भी आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिला है। गुरुवार को दो बदमाश हथियारों के बल पर सीए को उनकी मर्सिडीज कार में अगवा कर दिल्ली रोड की तरफ ले गए थे। आमेर थाना क्षेत्र में कार दो वाहनों से टकराने के बाद कच्चे रास्ते पर नाले में पलट गई थी। हादसे के बाद दोनों बदमाश मौके से फरार हो गए थे। आमेर थाना पुलिस ने मौके से सीए राजीव गुप्ता को सुरक्षित दस्तयाब किया था। उनकी मर्सिडीज कार भी पुलिस ने बरामद कर ली। इसके बाद गुरुवार को वारदात के बाद राजीव गुप्ता की शिकायत पर अशोक नगर थाने में अपहरण का मामला दर्ज किया गया था। CCTV में रैकी करते नजर आए संदिग्ध पुलिस सूत्रों के अनुसार, वारदात से पहले दो बाइक पर सवार युवक सेंट्रल पार्क के आसपास रैकी करते हुए CCTV कैमरों में नजर आए हैं। पुलिस अब इन फुटेज को खंगाल रही है और संदिग्धों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस को आशंका है कि आरोपियों ने वारदात से पहले सीए की गतिविधियों और पार्किंग की रैकी की थी। DST-CST समेत कई टीमें जांच में जुटीं डीसीपी साउथ राजर्षि राज ने बताया- आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए DST और CST के साथ पुलिस की कई टीमें गठित की गई है। CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और उनकी आवाजाही के रूट को ट्रेस किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। अशोक नगर थानाधिकारी हेमंत ने बताया कि आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस आरोपियों के संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाकर कार्रवाई कर रही है। नकली पिस्टल-चाकू लेकर कार में घुसे थे बदमाश मोती डूंगरी थाना क्षेत्र निवासी सीए राजीव गुप्ता ने पुलिस को बताया- वह गुरुवार सुबह सेंट्रल पार्क में मॉर्निंग वॉक के बाद अपनी मर्सिडीज कार में बैठ रहे थे। इसी दौरान दो बदमाश नकली पिस्टल और चाकू लेकर उनकी कार में घुस गए। आरोपियों ने हथियार दिखाकर उन्हें अपने कब्जे में लिया और कार को आमेर थाना क्षेत्र की तरफ ले गए। चलती कार का गेट खोलकर अपरहण से बचने के लिए किया संघर्ष आमेर इलाके में पहुंचने के बाद राजीव गुप्ता ने खुद को बचाने के लिए चलती कार का गेट खोलकर दोनों टांगे बाहर निकाल कर बच निकलने के लिए राजीव गुप्ता ने संघर्ष किया। इसी दौरान कार चला रहे आरोपी ने नियंत्रण खो दिया। मर्सिडीज एक बाइक से टकराने के बाद एक अन्य गाड़ी को टक्कर मारी फिर पीली की तलाई के पास कच्चे रास्त में पलट गई। हादसे के बाद दोनों बदमाश सीए को मौके पर छोड़कर फरार हो गए। सेंट्रल पार्क के आसपास पहले भी हो चुकी हैं वारदातें गौरतलब है कि सेंट्रल पार्क और इसके आसपास के इलाकों में चेन स्नेचिंग, लूट सहित अपराध की कई घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। ऐसे में सीए के अपहरण की घटना ने पार्क और आसपास की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।