जयपुर सेंट्रल जेल के वार्ड नंबर 10 की दीवार के ऊपर से मोबाइल और तंबाकू का पैकेट फेंक दिया। हालांकि, सिविल ड्रेस में तैनात जेल प्रहरियों की सजगता से घेराबंदी कर एक बदमाश को तो पकड़ लिया, लेकिन दूसरा साथी गच्चा देकर भागने में सफल हो गया। लालकोठी थाने में जेल प्रशासन की ओर से शिकायत देकर आरोपी बदमाश को पुलिस के हवाले कर दिया गया। शनिवार दोपहर को जेल में बंद बदमाशों को पैकेट पहुंचाने के लिए दो युवक बाइक पर सवार होकर आए थे। पुलिस अब दूसरे बदमाश की तलाश कर रही है। बाइक सवार दो बदमाशों ने जेल में फेंका पैकेट दरअसल, जयपुर सेंट्रल जेल की विशेष सतर्कता में सिविल ड्रेस में जेल प्रहरियों को तैनात किया हुआ है। शनिवार को सिविल ड्रेस में प्रहरी जसवंत, निरंजन और राजेन्द्र जेल की सीमाओं के पास निगरानी रखे हुए थे। दोपहर करीब 1 बजे जेल के पीछे की कॉलोनी कसाई मोहल्ले में तीनों निगरानी के लिए घूम रहे थे। इस दौरान बाइक पर आए दो बदमाशों ने जेल के वार्ड नंबर-10 में पैकेट फेंका। निषिद्ध सामग्री का पैकेट फेंकते देखकर जेल प्रहरियों ने उन्हें पकड़ने के लिए घेराबंदी की। प्रहरियों ने आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया, दूसरा फरार प्रहरियों ने बाइक चला रहे आरोपी शादाब पुत्र अयाज अहमद को पकड़ लिया। बाइक पर पीछे बैठा उसका साथी सोहेल उर्फ कालू पुत्र मोहम्मद शकील खान भाग निकला। जेल प्रहरियों की ओर से पकड़े बदमाश शादाब और मोबाइल-तम्बाकू का फेंका गया संदिग्ध पैकेट व बाइक को लालकोठी थाना पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस की ओर से जेल प्रशासन की शिकायत पर मामला दर्ज कर पकड़े आरोपी से पूछताछ करने के साथ फरार साथी की तलाश की जा रही है।