जयपुर में लोहे की एक फैक्ट्री में आज सुबह आग लग गई। फैक्ट्री में रखे केमिकल ड्रमों के जलने पर भीषण लपटें उठने लगी। वहां मौजूद वर्कर्स ने फैक्ट्री से बाहर भागकर अपनी जान बचाई। झोटवाड़ा फायर स्टेशन से पहुंचे दमकलकर्मियों ने चार गाड़ियों की मदद से करीब सवा घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फैक्ट्री में 10 हजार लीटर केमिकल के करीब 20 ड्रम रखे हुए थे। समय रहते आग पर काबू पा लेने से पूरा केमिकल चपेट में नहीं आए। पूरे केमिकल में आग लगने से बड़ा हादसा हो सकता था। फैक्ट्री में आग लगने के कारण का पता लगाया जा रहा है। बॉयलर से लोहे की ढलाई के दौरान लगी आग AFO (झोटवाड़ा) सुरेश कुमार ने बताया कि झोटवाड़ा इंडस्ट्रियल एरिया में माखन लाल गुप्ता की एनएल कास्टिंग प्राइवेट लिमिटेड के नाम से लोहा फैक्ट्री है। फैक्ट्री में बॉयलर से लोहे की ढलाई का काम किया जाता है। मंगलवार सुबह फैक्ट्री में करीब 10-12 वर्कर्स बॉयलर में हीट कर लोहे की ढलाई का काम कर रहे थे। सुबह करीब 8:45 बजे फैक्ट्री में रखे केमिकल ड्रम ने अचानक आग पकड़ ली। देखते ही देखते फैक्ट्री में रखे बाकि ड्रम भी चपेट में आ गए और भीषण आग की लपटें उठने लगी। सूचना पर झोटवाड़ा फायर स्टेशन की गाड़ियां मौके पर पहुंची। दमकल की चार गाड़ियों की मदद से करीब सवा घंटे की मशक्कत कर आग पर काबू पाया गया। आग लगने से फैक्ट्री में लाखों रुपए का नुकसान होना बताया जा रहा है।