शेयर मार्केट से मुनाफा कमाने का लालच देकर जयपुर के खोह नागोरियान थाना इलाके में युवक से करीब डेढ़ लाख रुपए की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। ठगों ने पीड़ित से इंस्टाग्राम पर बातचीत की और मुनाफे का लालच देकर पहले 10 हजार रुपए शेयर मार्केट में इन्वेस्ट करवाए। इसके बाद आरोपियों ने पीड़ित को 99 हजार 328 रुपए के कथित मुनाफे का स्क्रीनशॉट भेजकर भरोसा दिलाया। आरोपियों ने मुनाफे की रकम निकालने के नाम पर अलग-अलग चार्ज बताकर पीड़ित से कुल 1 लाख 47 हजार 498 रुपए और वसूल लिए। शेयर मार्केट में मुनाफे का लालच देकर ठगी पुलिस के अनुसार, करोल घाटी, इंदिरा गांधी नगर सेक्टर-3, खातीपुरा निवासी रामजी लाल महावर (43) ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट के अनुसार पीड़ित की आरोपियों से इंस्टाग्राम के जरिए बात हुई थी। आरोपियों ने पीड़ित को शेयर मार्केट में अच्छे मुनाफे का झांसा दिया था। इसके बाद पीड़ित ने बताए गए UPI ID पर 10 हजार रुपए ट्रांसफर किए। कुछ समय बाद आरोपियों ने 99,328 रुपए के मुनाफे का स्क्रीनशॉट भेजा। जब पीड़ित ने रकम निकालने की कोशिश की तो आरोपियों ने विड्रोल चार्जेस, बैंक टैक्स, डिसकाउंट, जीएसटी समेत अलग-अलग शुल्क बताकर उससे लगातार रकम ट्रांसफर करवाई। इस तरह पीड़ित से कुल 1,47,498 रुपए ले लिए गए। मामले में खोह नागोरियान थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में इस्तेमाल किए गए इंस्टाग्राम अकाउंट, मोबाइल नंबर और UPI लेन-देन की जानकारी जुटा रही है।