जयपुर पुलिस ने 14 वर्षीय नाबालिग लड़की के अपहरण के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे उत्तर प्रदेश के भदोही जिले से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस टीम ने करीब 900 किलोमीटर तक पीछा करते हुए 48 घंटे के भीतर नाबालिग को अपहरणकर्ता के चंगुल से मुक्त कराया। पुलिस ने मामले में आरोपी कैफ अली (21) को हिरासत में लिया है। 5 अक्टूबर को दर्ज हुई थी रिपोर्ट डीसीपी नॉर्थ करण शर्मा ने बताया कि पुलिस मुख्यालय की ओर से गुमशुदा नाबालिग लड़के-लड़कियों की दस्तयाबी के लिए ‘ऑपरेशन खुशी-XI’ चलाया जा रहा है। इसी अभियान के दौरान 5 अक्टूबर को परिवादी ने थाने में अपनी 14 वर्षीय नाबालिग बेटी के बिना बताए घर से चले जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। CCTV और ट्रेन की लोकेशन से मिला सुराग पुलिस ने तत्काल विशेष टीम का गठन किया। टीम ने नाबालिग के घर और घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज और तकनीकी सहायता से नाबालिग के ट्रेन के जरिए उत्तर प्रदेश की ओर जाने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने CCTV फुटेज और ट्रेन की लोकेशन के आधार पर नाबालिग का लगातार पीछा किया। टीम जयपुर रेलवे स्टेशन से भरतपुर, आगरा, वाराणसी होते हुए भदोही, उत्तर प्रदेश पहुंची। गोपीगंज थाना पुलिस की मदद से बरामदगी पुलिस टीम को नाबालिग की लोकेशन थाना गोपीगंज, जिला भदोही क्षेत्र में मिली। इसके बाद पुलिस ने स्थानीय पुलिस की मदद ली। चौकी जंगीगंज सराय क्षेत्र में तलाश करते हुए पुलिस ने नाबालिग को आरोपी के चंगुल से बरामद कर लिया। पुलिस ने नाबालिग को सकुशल जयपुर लाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। आरोपी कैफ अली हिरासत में पुलिस ने मामले में कैफ अली (21) निवासी महुआरी, थाना गोपीगंज, जिला भदोही, उत्तर प्रदेश को हिरासत में लिया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।