जोधपुर के बासनी औद्योगिक क्षेत्र में हुए भीषण और दर्दनाक अग्निकांड में तीन फायरमैन की मौत हो गई थी। जिसके बाद जैसलमेर में एक शोक सभा और कैंडल मार्च किया गया। इसमें प्रशासनिक अधिकारियों और सुरक्षा कर्मियों ने तीनों को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके अदम्य साहस को सलाम किया। कैंडल मार्च निकालकर श्रद्धांजलि दी कैंडल मार्च के दौरान सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और स्थानीय नागरिकों ने हाथों में जलती हुई मोमबत्तियां लेकर शहर के प्रमुख मार्गों का भ्रमण किया। इसके बाद, दो मिनट का मौन रखकर आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई और उन्हें श्रद्धांजलि दी। सभापति विजय डांगरा और आयुक्त पवन कुमार ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में पूरा जिला प्रशासन, नगर परिषद और शहर का नागरिक दोनों ही परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़े हैं। सरकार और प्रशासन परिजनों को हर संभव मदद देने के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम के दौरान सहायक अग्निशमन अधिकारी कृष्ण पाल सिंह राठौड़ ने तीनों बहादुर कार्मिकों के काम और बलिदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इन वीर जवानों ने अपनी जान की परवाह किए बिना जिस बहादुरी से आग पर काबू पाने का प्रयास किया और नागरिकों की रक्षा की, वह इतिहास में हमेशा अमर रहेगा। ये रहे मौजूद इस श्रद्धांजलि सभा में नगर परिषद सभापति विजय डांगरा, नगर परिषद आयुक्त पवन कुमार, अधिशासी अभियंता विनोद सोलंकी और सहायक अग्निशमन अधिकारी कृष्ण पाल सिंह राठौड़ मौजूद रहे। इनके साथ ही जैसलमेर अग्निशमन विभाग के समस्त कर्मचारियों तथा नागरिक सुरक्षा (सिविल डिफेंस) विभाग के अधिकारियों और जवानों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।