जैसलमेर में पंचायतीराज चुनाव 2026 के प्रथम चरण का विस्तृत कार्यक्रम घोषित हो चुका है। इसके तहत 23 अक्टूबर को जिला परिषद व पंचायत समिति सदस्यों का ईवीएम से मतदान होगा। इसके बाद 24 अक्टूबर को पंच व सरपंच पद के लिए नामांकन, 25 अक्टूबर को मतपेटी से मतदान व उसी दिन मतगणना होगी। उपसरपंच का चुनाव 26 अक्टूबर को और जिला परिषद व पंचायत समिति सदस्यों की मतगणना 20 नवंबर 2026 को होगी। शीर्ष पदों के लिए 25 नवंबर को जिला प्रमुख, 26 नवंबर को उप जिला प्रमुख, 27 नवंबर को प्रधान और 28 नवंबर को उप प्रधान का चुनाव संपन्न कराया जाएगा। जिले की सभी 10 पंचायत समितियों में होंगे पहले चरण में चुनाव जिला निर्वाचन अधिकारी (कलेक्टर) द्वारा आगामी 8 अक्टूबर 2026 को निर्वाचन की औपचारिक लोक सूचना जारी की जाएगी। इसके साथ ही नामांकन और मतदान की प्रक्रिया शुरू होगी। जैसलमेर जिले की सभी 10 पंचायत समितियों—राजमथाई (मुख्यालय फलसूण्ड), सांकड़ा, भणियाणा, खुहड़ी, फतेहगढ़, रामगढ़, जैसलमेर, रामदेवरा (मुख्यालय पोकरण), नाचना और मोहनगढ़ के सभी निर्वाचन क्षेत्रों में सुचारू रूप से मतदान कराया जाएगा। जैसलमेर जिले में पंचायतीराज चुनाव प्रथम चरण में ही संपन्न करवाए जाएंगे। चुनाव घोषणा के साथ ही संपूर्ण जैसलमेर जिले में आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है, जो चुनाव प्रक्रिया की समाप्ति तक प्रभावी रहेगी। ऐसे रहेगा चुनावी शेड्यूल निर्वाचन कार्यक्रम के मुताबिक, जिला परिषद व पंचायत समिति सदस्यों के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 13 अक्टूबर 2026 (अपराह्न 3:00 बजे तक) निर्धारित की गई है। इसके पश्चात 14 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की संवीक्षा (जांच) होगी और 15 अक्टूबर को नाम वापसी एवं चुनाव प्रतीकों का आवंटन किया जाएगा। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के वार्डों के लिए मतदान 23 अक्टूबर 2026 (शुक्रवार) को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे बजे तक भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार ईवीएम (EVM) के माध्यम से कराया जाएगा। ग्राम पंचायतों के पंच व सरपंच पदों के लिए चुनाव कार्यक्रम वहीं दूसरी ओर, ग्राम पंचायतों के पंच व सरपंच पदों के लिए नामांकन पत्र प्रस्तुत करने की तिथि 24 अक्टूबर 2026 (शनिवार) तय की गई है। इसके तुरंत बाद 24 अक्टूबर को ही संवीक्षा, नाम वापसी और चुनाव चिह्नों का आवंटन संपन्न होगा। पंच व सरपंच पदों के लिए मतदान 25 अक्टूबर 2026 (रविवार) की सुबह 7 बजे से 6 बजे तक मतपेटियों के माध्यम से कराया जाएगा और मतदान समाप्ति के तुरंत बाद ग्राम पंचायत मुख्यालय पर मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे। इसके अगले दिन यानी 26 अक्टूबर 2026 को उपसरपंच का चुनाव संपन्न होगा। जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के मतों की मतगणना 20 नवंबर 2026 को जिला व पंचायत समिति मुख्यालय पर प्रातः 08:00 बजे से की जाएगी। इसके उपरांत शीर्ष पदों के निर्वाचन के तहत 25 नवंबर को जिला प्रमुख, 26 नवंबर को उप जिला प्रमुख, 27 नवंबर को प्रधान तथा 28 नवंबर को उप प्रधान का चुनाव कराया जाएगा। प्रशासन ने स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के लिए अपनी सभी प्रशासनिक और सुरक्षा तैयारियां पूरी कर ली हैं। जैसलमेर पंचायतीराज चुनाव 2026 (प्रथम चरण)