जालोर में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने कार्रवाई करते हुए 105.720 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद कर 2 स्विफ्ट कार जब्त की है। कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों को पकड़ा है। जबकि 2 अन्य तस्कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। एएनटीएफ टीम को सूचना मिली थी कि दो स्विफ्ट कारों में भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ भरकर मध्यप्रदेश के मनासा से जालोर होते हुए बाड़मेर ले जाया जा रहा है। सूचना के बाद टीम ने दोनों वाहनों की लोकेशन ट्रेस की। दोनों कारें मनासा से सांडेराव होते हुए कानिवाड़ा क्षेत्र की ओर आती मिलीं। तस्करों ने पुलिस देख गाड़ियां भगाई इसके बाद एक टीम ने राजस्थान बॉर्डर से दोनों गाड़ियों का पीछा शुरू किया, जबकि दूसरी टीम कानिवाड़ा के पास नाकाबंदी कर तस्करों को पकड़ने के लिए तैनात हो गई। दोनों कारें वहां पहुंचीं तो टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन तस्करों ने गाड़ियां नहीं रोकी। वाहनों के नहीं रुकने पर टीम ने स्टॉप स्टिक का इस्तेमाल किया। इससे एक सफेद कार के टायर पंक्चर हो गए और वह आगे जाकर सड़क पर रुक गई। कार में सवार दो व्यक्ति वाहन छोड़कर कांटेदार झाड़ियों की ओर भागने लगे। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रही दूसरी काले रंग की स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर दो बार पलट गई। उसमें सवार दो व्यक्ति भी बाहर निकलकर झाड़ियों की ओर भागे। भागते हुए एक तस्कर चोटिल हुआ टीम ने पीछा कर खीयाराम पुत्र चेनाराम जाट (28), निवासी बाकलसर मंगले की बेरी, थाना बाड़मेर सदर और गौतम पुत्र रूपाराम जाट, निवासी बाकलसर मंगले की बेरी, थाना बाड़मेर सदर को दस्तयाब कर लिया। हादसे में गौतम के चोट लगने पर उसे उपचार के लिए जालोर अस्पताल भेजा गया। जहां उसका इलाज कराया जा रहा हैं। इसके बाद एएनटीएफ ने स्थानीय पुलिस को सूचना देकर मौके पर बुलाया। पुलिस ने दोनों वाहनों की तलाशी ली, जिसमें 105.720 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद हुआ। दोनों स्विफ्ट कारें भी जब्त कर ली गईं। फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश में आसपास के क्षेत्र में दबिश दी जा रही है। यह खबर भी पढ़े… ANTF से बचकर भागते तस्करों की कार पंचर होकर पलटी:पकड़े गए 2 तस्करों में से एक घायल; डोडा-पोस्ट के कट्‌टे मिले, दो कारें जब्त