रठांजना थाना क्षेत्र के कड़ियावद गांव में सोमवार रात करीब 2:30 बजे चोर घर के पीछे खेत की ओर लगी खिड़की तोड़कर अंदर घुसे। चोर करीब 10 लाख रुपए के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए। वारदात के समय परिवार के सदस्य घर में सो रहे थे। किसी को भनक नहीं लगी। कड़ियावद निवासी नंदलाल कुमावत के मकान के पीछे खेत है। चोरों ने इसी का फायदा उठाया। खिड़की तोड़ी। कमरे में रखे आभूषण उठा ले गए। नंदलाल के मुताबिक चोरी में बेटियों के करीब 6 तोला सोने के आभूषण शामिल हैं। करीब डेढ़ किलो चांदी के आभूषण भी गए हैं। चोरों ने सीसीटीवी कैमरों से बचने की कोशिश की। पास के मकान में लगे कैमरों की ओर टॉर्च की रोशनी डाली गई। घर में लगे कैमरे की निगरानी प्रभावित करने के लिए कमरे की लाइट कैमरे की दिशा में कर दी गई। सुबह चोरी का पता चला। पुलिस को सूचना दी गई। रठांजना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। साक्ष्य जुटाए। मामला दर्ज किया। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी गई है।