झालावाड़ के गांधी भवन में बुधवार को कांग्रेस ने ‘लोकतंत्र बचाओ, वोट बचाओ और देश बचाओ’ अभियान के तहत मतदाता सूचियों और SIR प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए। जिला कांग्रेस महासचिव राजेंद्र शर्मा ने आरोप लगाया कि SIR प्रक्रिया में देशभर से लाखों मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला बताते हुए चुनाव आयोग से पूरी जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की। मतदाता सूची में पारदर्शिता की मांग राजेंद्र शर्मा ने कहा कि निष्पक्ष चुनाव और पारदर्शी मतदाता सूचियां लोकतंत्र की नींव हैं। नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होनी चाहिए, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने मतदान के अधिकार से वंचित न रहे। कांग्रेस ने चुनाव आयोग से SIR प्रक्रिया में हटाए गए नामों और इसके कारणों पर स्पष्टीकरण देने की मांग की। मुख्य चुनाव आयुक्त पर कार्रवाई की मांग कांग्रेस की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई और कथित वोट चोरी की उच्चस्तरीय जांच की मांग भी की गई। राजेंद्र शर्मा ने कहा कि चुनाव आयोग की निष्पक्षता को लेकर जनता का भरोसा कायम रहना जरूरी है। घर-घर जाकर मतदाताओं को करेंगे जागरूक राजेंद्र शर्मा ने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को सड़क से संसद तक ले जाएगी। कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करेंगे और उन्हें अपने वोट एवं मतदाता सूची में दर्ज जानकारी की जांच करने के लिए प्रेरित करेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी मजबूती से संघर्ष करेगी। ये पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद इस दौरान जिला कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष डॉ. नन्दसिंह राठौड़, जिला कांग्रेस प्रवक्ता ओम पाठक, जिला कांग्रेस सचिव नफीस शेख और वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ता भगवती प्रकाश मौजूद रहे।