झालावाड़ जिले के किसानों को अब कृषि और बागवानी उत्पाद सुखाने के लिए सोलर ड्रायर मशीन मिलेगी। राष्ट्रीय बागवानी मिशन के तहत सरकार इन पर 40 प्रतिशत तक अनुदान दे रही है। इससे किसान टमाटर, मिर्च, लहसुन, आंवला, अश्वगंधा, सफेद मूसली जैसे उत्पादों को कम समय में स्वच्छ व सुरक्षित सुखा पाएंगे। खुले में उपज खराब होने का खतरा नहीं, गुणवत्ता व दाम बेहतर मिलेंगे। झालावाड़ उप निदेशक उद्यान सुभाष शर्मा ने बताया कि 70 किलोग्राम क्षमता वाले सोलर ड्रायर की लागत 2.50 लाख, जबकि 100 किलोग्राम क्षमता वाले की 3.50 लाख रुपए है। सरकार इन पर अधिकतम 40 प्रतिशत तक अनुदान देगी। एक किसान अधिकतम पांच मशीनें खरीद सकता है। 70 किलोग्राम क्षमता के सोलर ड्रायर के लिए सामान्य और अनुसूचित जाति वर्ग में 5-5 यूनिट का लक्ष्य है। 100 किलोग्राम क्षमता के ड्रायर के लिए अनुसूचित जनजाति और अनुसूचित जाति वर्ग में भी 5-5 यूनिट का लक्ष्य है। किसान यहां से लें जानकारी सोलर ड्रायर योजना का लाभ लेने के इच्छुक किसान अपने संबंधित सहायक कृषि अधिकारी, कृषि पर्यवेक्षक अथवा उद्यान विभाग से संपर्क कर सकते हैं। किसान वहां योजना की पात्रता, आवश्यक दस्तावेज और आवेदन प्रक्रिया की पूरी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। सोलर ड्रायर के उपयोग से किसानों को अपनी उपज को लंबे समय तक सुरक्षित रखने के साथ-साथ प्रसंस्करण और बेहतर बाजार मूल्य हासिल करने की दिशा में भी मदद मिल सकती है।