झालावाड़ जिले में चार दिन के इंतजार के बाद शुक्रवार शाम को मूसलाधार बारिश हुई। दिनभर की तेज गर्मी और उमस के बाद अचानक मौसम बदला और शाम करीब 5 बजकर 40 मिनट पर शहर में तेज बारिश शुरू हो गई। इससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली और मौसम सुहाना हो गया। बारिश करीब 10 मिनट तक हुई, फिर कुछ देर के लिए रुकी और दोबारा तेज रफ्तार से शुरू हो गई। अचानक हुई इस बारिश से शहर की कई सड़कों पर पानी बहने लगा। नालियों का पानी भी सड़कों पर आ गया, जिससे लोगों को आने-जाने में दिक्कत हुई। बारिश शुरू होते ही बाजारों और मुख्य रास्तों पर आवाजाही पर असर पड़ा। कई जगहों पर सड़क किनारे पानी जमा हो गया। वाहन चालकों को भी सावधानी से गुजरना पड़ा। लंबे इंतजार के बाद हुई बारिश से लोगों के चेहरों पर खुशी दिखी। सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए थे, लेकिन बारिश न होने से दिनभर उमस बनी रही। लोग गर्मी और चिपचिपाहट से परेशान रहे। बारिश के बाद तापमान में भी गिरावट आई। शहर में शाम के समय तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चार दिन से बारिश का इंतजार कर रहे लोगों के लिए शुक्रवार शाम की बारिश राहत लेकर आई। किसानों को भी मानसून के फिर से सक्रिय होने से उम्मीद जगी है। अगर आने वाले दिनों में अच्छी बारिश होती है, तो खेतों में खड़ी फसलों को फायदा मिलने की संभावना है।