झालावाड़ जिले के रटलाई के पास तेजबलड़ी-नयागांव क्षेत्र में रविवार सुबह दो भेड़ पालकों से मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि मामूली कहासुनी के बाद करीब 30 से 35 लोगों ने उन्हें पीटा। इस घटना में एक भेड़ पालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे झालावाड़ के एसआरजी अस्पताल से कोटा रेफर किया गया है। एसआरजी अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचे कालूराम पुत्र हीराराम रेबारी निवासी गोगारा, जिला पाली ने बताया कि वे अपने भेड़ों के झुंड के साथ गांव की ओर जा रहे थे। उनके साथ एक नाबालिग बालक भी था। रास्ते में ग्रामीणों से किसी बात पर मामूली कहासुनी हो गई। इसके बाद करीब 30 से 35 लोगों ने कालूराम और नाबालिग बालक के साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट में कालूराम गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके शरीर पर कई चोटें आईं। परिजन उसे इलाज के लिए झालावाड़ के एसआरजी अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर चोटों को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए कोटा रेफर कर दिया। भालता थानाधिकारी रमेश सिंह ने बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार यह विवाद भेड़ के किसी ग्रामीण के घर में घुसने को लेकर हुआ था। फिलहाल पीड़ित पक्ष की ओर से थाने में कोई बयान या रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस ने एक एएसआई को झालावाड़ अस्पताल भेजा है। पीड़ित के बयान और रिपोर्ट दर्ज होने के बाद मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि बारिश के मौसम में बड़ी संख्या में भेड़ पालक पाली और दूसरे जिलों से झालावाड़ जिले के अलग-अलग इलाकों में आते हैं। बारिश खत्म होने के बाद ये भेड़ पालक अपने झुंड के साथ वापस अपने गांवों की ओर लौटते हैं। ऐसे में ग्रामीण इलाकों में भेड़ों के खेत या घरों में घुसने को लेकर कई बार विवाद हो जाते हैं।