भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने नगर निकाय के लिए रविवार को अपना चुनावी घोषणा पत्र जारी कर दिया। आयोजित प्रेसवार्ता में पार्टी ने शहर के विकास और मूलभूत समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देने का दावा किया। घोषणा पत्र में ट्रैफिक व्यवस्था, रिंग रोड, पेयजल, सीवरेज, पार्किंग, सफाई और बिजली लाइनों को भूमिगत करने सहित कई प्रमुख वादे किए गए। प्रेसवार्ता में निकाय चुनाव प्रभारी एवं ओबीसी मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष चेतन कुमावत और राकेश वर्मा मुख्य वक्ता रहे। इस दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा का संकल्प पत्र झुंझुनूं शहर की वर्तमान जरूरतों और नागरिकों की समस्याओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। यदि नगर परिषद में भाजपा का बोर्ड बनता है तो इन सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा। ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने का वादा घोषणा पत्र में शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए रोड नंबर-3 पर ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने का वादा किया गया है। साथ ही शहर के चारों ओर रिंग रोड के निर्माण की दिशा में प्रयास करने की बात कही गई है, ताकि शहर के भीतर यातायात का दबाव कम हो सके। भाजपा ने हर वर्ष बरसात के दौरान होने वाले जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने का भी वादा किया है। इसके अलावा सीवरेज लाइन के बकाया कनेक्शन जल्द पूरे कराने और शहर में पेयजल संकट के स्थायी समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने की घोषणा की गई। सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण कराया जाएगा सार्वजनिक सुविधाओं के विस्तार के तहत शहर में नए सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण कराया जाएगा। खेल प्रतिभाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए खेल स्टेडियम को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने का भी वादा किया गया है। घोषणा पत्र में शहर की बिजली लाइनों को चरणबद्ध तरीके से भूमिगत कराने का संकल्प भी शामिल है। वहीं गांधी चौक, मंडावा मोड़ और अन्य प्रमुख स्थानों पर सुव्यवस्थित पार्किंग स्थल विकसित करने की बात कही गई है, जिससे बाजार क्षेत्रों में ट्रैफिक जाम की समस्या कम हो सके। सफाई व्यवस्था मजबूत होगी भाजपा ने शहर की सफाई व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए मुख्य बाजारों और रिहायशी कॉलोनियों में रात्रिकालीन सफाई अभियान नियमित रूप से चलाने का वादा किया है। इसके अलावा मेडिकल बायोलॉजिकल वेस्ट के सुरक्षित और वैज्ञानिक निस्तारण की व्यवस्था विकसित करने की भी घोषणा की गई। प्रेसवार्ता में वक्ताओं ने कहा कि भाजपा का उद्देश्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि झुंझुनूं को एक स्वच्छ, व्यवस्थित और आधुनिक शहर के रूप में विकसित करना है। उन्होंने कहा कि घोषणा पत्र में शामिल सभी बिंदु जनता की अपेक्षाओं और शहर की वास्तविक जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किए गए हैं।