राज्य निर्वाचन आयोग ने पंचायतीराज चुनाव की तारीखों में बदलाव किया गया है। संशोधन के बाद त्योहारों के दिनों में मतदान नहीं होगा। झुंझुनूं में प्रथम चरण में कोई चुनाव नहीं है, इसलिए पहले चरण की तारीखों में बदलाव का झुंझुनूं पर सीधा असर नहीं पड़ेगा। जिले में चुनाव की शुरुआत अब द्वितीय चरण से 28 अक्टूबर को होगी। दूसरे चरण में 6 पंचायत समितियों में चुनाव झुंझुनूं जिले में द्वितीय चरण में झुंझुनूं, चिड़ावा, सूरजगढ़, सिंघाना, पिलानी और बुहाना पंचायत समितियां शामिल हैं। इन क्षेत्रों में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए 28 अक्टूबर 2026 को मतदान होगा। इसके बाद ग्राम पंचायत स्तर पर पंच और सरपंच पदों के चुनाव की प्रक्रिया होगी। 29 अक्टूबर को नामांकन और 30 अक्टूबर को पंच-सरपंच के लिए मतदान होगा। मतदान के बाद उसी दिन ग्राम पंचायत मुख्यालय पर मतगणना होगी। 31 अक्टूबर को उपसरपंच का चुनाव कराया जाएगा। इस तरह द्वितीय चरण में झुंझुनूं की 6 पंचायत समितियों में चुनाव प्रक्रिया 28 से 31 अक्टूबर तक चलेगी। तीसरे चरण में नवलगढ़ समेत 4 पंचायत समितियां तृतीय चरण में जिले की नवलगढ़, गोठड़ा, उदयपुरवाटी और गुढ़ागौड़जी पंचायत समितियां शामिल हैं। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार इस चरण में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए 3 नवंबर 2026 को मतदान होगा। इसके बाद 4 नवंबर को पंच-सरपंच के लिए नामांकन और 5 नवंबर को पंच-सरपंच पदों के लिए मतदान होगा। मतदान के बाद उसी दिन मतगणना होगी, जबकि 6 नवंबर को उपसरपंच का चुनाव कराया जाएगा। चतुर्थ चरण में कोई बदलाव नहीं झुंझुनूं जिले की खेतड़ी, बाबई, मंडावा और अलसीसर पंचायत समितियां चतुर्थ चरण में शामिल हैं। इनके चुनाव कार्यक्रम में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है। चतुर्थ चरण में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए 14 नवंबर, पंच-सरपंच के लिए 16 नवंबर और उपसरपंच के लिए 17 नवंबर को चुनाव होगा। झुंझुनूं में 3 चरणों में होंगे चुनाव राज्य में पंचायत चुनाव चार चरणों में होंगे, लेकिन झुंझुनूं में चुनाव द्वितीय, तृतीय और चतुर्थ चरण में संपन्न होंगे। जिले की कुल 14 पंचायत समितियां इन तीन चरणों में बांटी गई हैं। 20 नवंबर को होगी मतगणना जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव की मतगणना सभी चरणों का मतदान पूरा होने के बाद 20 नवंबर 2026 को जिला मुख्यालय पर सुबह 8 बजे से होगी। इसके बाद जिला प्रमुख का चुनाव 25 नवंबर, उप जिला प्रमुख का 26 नवंबर, प्रधान का 27 नवंबर और उप प्रधान का चुनाव 28 नवंबर को होगा।