झुंझुनूं शहर में गुढ़ा फाटक के पास रविवार सुबह पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी में सामने आया कि युवक ने ईयरफोन लगा रखा था, जिसके कारण उसे ट्रेन आने की आवाज सुनाई नहीं दी और वह पटरियां पार करते समय ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसा सुबह करीब 8.15 बजे हुआ। पुलिस ने बताया- विकास उर्फ आशीष (24) पुत्र राजेंद्र प्रसाद, निवासी पशु अस्पताल के पीछे, रोड नंबर-3 वार्ड नं. 3 में रहता था। वह झुंझुनूं शहर में एक चश्मे की दुकान पर काम करता था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि युवक रेलवे ट्रैक पर पैदल चल रहा था और उसने ईयरफोन लगा रखे थे। इसी दौरान लोहारू से जयपुर जाने वाली पैसेंजर ट्रेन आ गई। लोको पायलट ने कई बार हॉर्न भी दिया, लेकिन ईयरफोन लगे होने के कारण युवक ने हॉर्न की आवाज नहीं सुनी। ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव मॉर्च्युरी में रखवाया और परिजनों को सूचना दी। पुलिस को मौके से युवक के ईयरफोन बड्स, एटीएम कार्ड और कुछ कैश भी मिला है। पुलिस ने बताया कि विकास माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी दो बहनें हैं। वह सुबह घर से दुकान पर जाने के लिए निकला था, लेकिन हादसे में उसकी जान चली गई। अब देखिए तस्वीरें