जोधपुर कलेक्ट्रेट पर गुरुवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन के दौरान हंगामा किया। कार्यकर्ता बैरिकेड्स पर चढ़ गए, जिसके बाद पुलिस से उनकी नोकझोंक हुई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने CEC को जेल भेजने की मांग उठाई और आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी। दरअसल, गुरुवार को केंद्र सरकार और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली के विरोध में कांग्रेस और वामपंथी दलों ने जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यालय से कार्यकर्ता रैली के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां पर कलेक्ट्रेट के अंदर जाकर गांधी महात्मा गांधी की मूर्ति पर पुष्पांजलि अर्पित करने की बात कही। पुलिस ने यहां पहले से ही बैरिकेडिंग कर रखी थी। यहां प्रदर्शन उस समय उग्र हो गया, जब कार्यकर्ता बैरिकेड्स पर चढ़ गए और कलेक्ट्रेट परिसर में प्रवेश करने की कोशिश की। पुलिस ने कार्यकर्ताओं को रोकने का प्रयास किया तो कार्यकर्ताओं की पुलिस के साथ तीखी नोकझोंक हुई। कार्यकर्ताओं ने बेरिकैड्स हटाने की भी कोशिश की। इसके बाद कार्यकर्ता बैरिकेड्स पर चढ़कर केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी करते रहे। कलेक्ट्रेट के बाहर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया गया। कुछ देर बाद पुलिस ने कार्यकर्ताओं को अंदर जाने दिया। इसके बाद अंदर जाकर महात्मा गांधी की मूर्ति पर उन्होंने पुष्पांजलि अर्पित की। पहले देखिए, प्रदर्शन से जुड़े 3 PHOTO'S निगम चुनाव में प्रशासन के दुरुपयोग का आरोप इसके बाद मीडिया से बात करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष ओंकार वर्मा ने कहा कि चुनाव आयोग की कार्य प्रणाली संदेह के घेरे में है और वह गड़बड़ियां कर रहा है। चुनाव आयोग ने बिहार और बंगाल में लाखों मतदाताओं के नाम काट दिए और उन्हें वाजिब कारण भी नहीं बताए गए। जोधपुर नगर निगम के चुनाव में भी पुलिस और प्रशासन का दुरुपयोग किया गया। उन्होंने कहा कि पहले मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग थी, अब हमारी मांग है कि उन्हें जेल भेजा जाए। सभी को मिलकर संघर्ष की बताई जरूरत वहीं, कॉमरेड गोपी किशन ने कहा कि देश का लोकतंत्र खतरे में है। देश में महंगाई, भ्रष्टाचार जैसी समस्याएं भी बढ़ रही हैं। आज लोकतंत्र को बचाने के लिए जैसे आजादी से पहले किसानों, युवाओं, मजदूरों सहित समाज के सभी वर्गों ने मिलकर लड़ाई लड़ी और देश को आजाद कराया। वैसे ही मिलकर संघर्ष करने की जरूरत है, जिससे देश के लोकतंत्र को बचाया जा सके। प्रदर्शन में कांग्रेस जिला अध्यक्ष ओमकार वर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष सलीम खान, नरेश जोशी, पूर्व मंत्री राजेंद्र सिंह सोलंकी, पूर्व विधायक मनीष पंवार, जिला संगठन महासचिव कुश गहलोत,जिला प्रवक्ता संजय गौड़ सहित काफी कार्यकर्ता शामिल हुए। वहीं वामपंथी दलों, समाजवादी पार्टी सहित इंडिया ब्लॉक के दलों के कार्यकर्ता भी प्रदर्शन में शामिल हुए।