जोधपुर पश्चिम की झंवर थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत टीम ने जोलियाली गांव में दबिश दी है। पुलिस ने एक घर के पीछे से 42.075 किलोग्राम अवैध डोडा-पोस्त बरामद किया है। इस मामले में 53 साल के आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि 29 सितंबर को झंवर थाना पुलिस की टीम इलाके में गश्त पर थी। DST प्रभारी सब इंस्पेक्टर महादेव प्रसाद को गुप्त सूचना मिली कि जोलियाली स्थित गोदारों की ढाणी में शिवाराम बिश्नोई अपने घर के पीछे भारी मात्रा में अवैध डोडा पोस्त छिपाकर रखे हुए है। सूचना पर एसआई देवाराम मय जाब्ता मौके पर पहुंचे और मकान के पीछे सर्च अभियान चलाया, जहां से 42 किलो से ज्यादा डोडा-पोस्त बरामद किया गया। अब सप्लाई नेटवर्क की तलाश में पुलिस मामले में आरोपी शिवाराम (53) पुत्र भीयाराम जाति बिश्नोई, निवासी गोदारों की ढाणी जोलियाली को गिरफ्तार किया गया। पुलिस अब उससे मादक पदार्थ सप्लाई नेटवर्क को लेकर पूछताछ कर रही है।।