जोधपुर के ग्रामीण इलाके में ट्यूबवेल से केबल और फव्वारा चुराने वाली गैंग का ओसियां थाना पुलिस ने पकड़ा है। पुलिस ने मुख्य सरगना सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी सड़क किनारे बने ट्यूबवेल से रात के अंधेरे में केबल काट ले जाते थे। जोधपुर से पकड़े गए दोनों आरोपी पुलिस के अनुसार- मामले में विक्रम सोलंकी (19) पुत्र पुखराज उर्फ थानेदार माली, निवासी गोपालजी की प्याऊ बालरवा, थाना मथानिया जोधपुर और दिलीप सिंह (20) पुत्र राजूसिंह राजपूत, निवासी तिंवरी, थाना मथानिया जोधपुर को गिरफ्तार किया गया है। सीसीटीवी कैमरों से पहचान के बाद आरोपियों को पकड़ा मामले को लेकर गोपासरिया निवासी भोमाराम ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया था कि 2 सितंबर की रात चोर उनके और पड़ोसी के ट्यूबवेल से केबल काटकर चुरा ले गए। मामले की जांच एएसआई रामप्रकाश को सौंपी गई थी। पुलिस टीम ने घटना स्थल और आस-पास के इलाकों के 100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके बाद दोनों आरोपियों को डिटेन किया गया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने 2 सितंबर की रात मानडियाई गोपासरिया में ट्यूबवेल से केबल चोरी करना स्वीकार कर लिया।