डीग की कैथवाड़ा थाना पुलिस और डीएसटी टीम ने मिलकर 2 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 4 अवैध हथियार और 72 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, संयुक्त टीम ने कार्रवाई के दौरान एक अवैध देसी बंदूक 12 बोर, दो अवैध देसी कट्टे 315 बोर और एक अधबनी अवैध देसी बंदूक 315 बोर बरामद की। साथ ही, आरोपियों के पास से 12 बोर के 50 जिंदा कारतूस और 315 बोर के 22 जिंदा कारतूस भी मिले हैं। इस मामले में घोघोर गांव निवासी अफरीदी (28) पुत्र फकरू मेव और इलियास (60) पुत्र समी खां मेव को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। बरामद अवैध हथियारों और कारतूसों के संबंध में पुलिस यह पता लगा रही है कि इन्हें कहां से लाया गया था और इनके जरिए किसी अपराध की साजिश तो नहीं थी। पुलिस ने बताया कि जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।