करौली के सपोटरा उपखंड की लेदिया ग्राम पंचायत के खेड़ा गांव में शुक्रवार को ग्रामीणों ने राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल खेड़ा के मुख्य गेट पर ताला लगा दिया। वे लंबे समय से गंदे पानी और कीचड़ की समस्या से परेशान थे। ग्रामीणों ने पंचायत प्रशासन और जनप्रतिनिधियों पर अनदेखी का आरोप लगाते हुए तुरंत जल निकासी और स्थायी समाधान की मांग की है। एडवोकेट हरिओम मीणा और शिवलेश मीणा सहित कई ग्रामीणों ने बताया कि गांव में घरों से निकलने वाला और बारिश का गंदा पानी लंबे समय से मुख्य मार्ग पर जमा है। इससे सड़क पर कीचड़ हो गया है और लोगों को आने-जाने में दिक्कत हो रही है। ग्रामीणों के मुताबिक, जलभराव के कारण स्कूल आने-जाने वाले बच्चों को गंदे पानी और कीचड़ से होकर गुजरना पड़ता है। दोपहिया वाहन सवारों को भी इस रास्ते से निकलने में परेशानी होती है। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि कीचड़ में फिसलने से लोग चोटिल भी हुए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि उन्होंने जलभराव की समस्या के बारे में पंचायत प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को कई बार बताया, लेकिन अभी तक कोई समाधान नहीं हुआ है। लंबे समय से गंदा पानी जमा होने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है और गांव में बीमारियां फैलने की आशंका है। समस्या से परेशान ग्रामीणों ने स्कूल के मुख्य गेट पर ताला लगाकर प्रशासन के सामने अपना विरोध जताया। ग्रामीणों ने मुख्य मार्ग से गंदे पानी की तुरंत निकासी कराने और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।