केसरीसिंहपुर कस्बे के उधम सिंह चौक पर 100 फीट ऊंचे तिरंगे का काम रुका हुआ है। इसके लिए खोदा गया गड्ढा पिछले करीब दो महीने से खुला पड़ा है। मुख्य सड़क पर स्थित इस गड्ढे से राहगीरों और वाहन चालकों को हादसे का डर बना हुआ है। यह तिरंगा करीब 14 लाख रुपए की लागत से बनाया जाना है। इसके बेसमेंट के लिए करीब 10 फीट गहरा और 10x10 फीट आकार का गड्ढा खोदा गया था। जांच में बेसमेंट पर्याप्त मजबूत नहीं मिलने पर काम रोक दिया गया। नगरपालिका की कनिष्ठ अभियंता नेहा गर्ग ने बताया कि बेसमेंट कमजोर था, इसलिए इसे तुड़वा दिया गया है। आगे की प्रक्रिया के लिए बड़े अधिकारियों से सलाह ली जा रही है। उन्होंने ठेकेदार को गड्ढा एक-दो दिन में भरने के निर्देश दिए हैं ताकि कोई हादसा न हो।