खंडार नगर पालिका अध्यक्ष पद के चुनाव से ठीक एक दिन पहले खंडार में भाजपा पार्षद वार्ड 19 मानवेंद्र आंकोदिया को लेकर सियासी माहौल गरमा गया है। रविवार सुबह मानवेंद्र का एक वीडियो सामने आने के बाद उनके कथित रूप से लापता होने के मामले ने नया मोड़ ले लिया। वीडियो में मानवेंद्र यह कहते नजर आ रहे हैं कि वे अपनी इच्छा से कैंप में रह रहे हैं और पार्टी के प्रति समर्पित हैं। वीडियो सामने आने के बाद मानवेंद्र के पिता हंसराज बैरवा ने इसे लेकर सवाल उठाए। उनका कहना है कि वीडियो भाजपा कार्यकर्ताओं के दबाव में बनवाया गया है। उन्होंने मानवेंद्र से वीडियो कॉल पर बात कराने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि मानवेंद्र से बातचीत नहीं कराई गई तो समाज के लोग सड़क पर उतरकर जाम लगाने का कदम उठा सकते हैं। सुबह 10 बजे तक पार्षद के सामने नहीं आने पर जुटा समाज मानवेंद्र को रविवार सुबह 10 बजे तक सामने नहीं लाए जाने के बाद बैरवा समाज के लोगों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हंस वाटिका स्थित माता जी मंदिर परिसर में बैठक की। बैठक में मानवेंद्र को सामने लाने और परिवार को उनसे बातचीत कराने की मांग को लेकर चर्चा हुई। मामले की जानकारी मिलने पर प्रशासन भी मौके पर पहुंचा। तहसीलदार पुष्कर सिंह ने सामाजिक बैठक में पहुंचकर लोगों से बातचीत की और समझाइश करते हुए माहौल को शांत रखने की अपील की। प्रशासन की ओर से लोगों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने की बात कही गई। वीडियो सामने आने के बाद चुनाव को लेकर उत्सुकता मानवेंद्र का वीडियो सामने आने के बाद खंडार में नगर पालिका अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर चर्चाओं का दौर और तेज हो गया है। चुनाव से पहले पार्षदों की स्थिति और उनके ठहरने को लेकर पहले से ही राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं। ऐसे में मानवेंद्र का मामला सामने आने के बाद चुनावी घटनाक्रम ने नया मोड़ ले लिया है। सोमवार को नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए चुनाव होना है। ऐसे में रविवार को सामने आए घटनाक्रम के बाद सभी की नजरें अब सोमवार के चुनाव पर टिकी हैं। प्रशासन की मौजूदगी में स्थिति पर नजर रखी जा रही है। इनपुट - चंद्रप्रकाश शर्मा खंडार।