खैरथल-तिजारा जिले के किशनगढ़बास में अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस के मौके पर एक जागरूकता शिविर लगाया गया। यह शिविर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण खैरथल के अध्यक्ष जिला एवं सत्र न्यायाधीश शैलेंद्र व्यास की देखरेख में भारतीय टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज किशनगढ़बास में हुआ। शिविर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव अजीत कुड़ी ने कॉलेज के छात्र-छात्राओं और स्टाफ को संबोधित किया। उन्होंने साक्षरता के महत्व के साथ-साथ उनके कानूनी अधिकारों और कर्तव्यों के बारे में जानकारी दी। इस मौके पर बताया गया कि शिक्षा और साक्षरता व्यक्ति के पूरे विकास के लिए जरूरी है। यह उसे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक और मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाती है। आम लोगों को मुफ्त कानूनी सहायता, लोक अदालत, मध्यस्थता और विधिक सेवा प्राधिकरण की अलग-अलग योजनाओं के बारे में भी बताया गया। सचिव अजीत कुड़ी ने छात्र-छात्राओं और स्टाफ से शिक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने और समाज के हर वर्ग तक कानूनी जानकारी पहुंचाने की अपील की। उन्होंने लोगों को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और जरूरतमंदों को मुफ्त कानूनी सहायता का लाभ उठाने के लिए भी प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम में कॉलेज की प्राचार्य डॉ. रितु चौहान, कॉलेज स्टाफ और छात्र-छात्राएं शामिल रहे।