कोटा में अभय कमांड सेंटर के सीसीटीवी कैमरों की मदद से करीब 12 लाख रुपए कीमत के गुम हुए पशुध तलाश कर मालिक को सौंप दिए। मामला कैथून थाना क्षेत्र के रामखेड़ली गांव निवासी पशुपालक प्रमोद मीणा का है। प्रमोद मीणा अपनी 6 गायें, 8 भैंसें और 2 बछड़ों को चराने के लिए दौलतगंज के जंगलों में लेकर आया था। रात के समय अचानक सभी पशु वहां से कहीं चले गए। सुबह जानवर नहीं मिलने पर पशुपालक परेशान हो गया और उसने पुलिस को सूचना दी। सीसीटीवी कैमरों से खंगाले फुटेज अभय कमांड सेंटर प्रभारी एडिशनल एसपी शोजी लाल मीणा के निर्देशन में वीडियो सर्विलांस टीम ने शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू किया। टीम ने कैमरों की मदद से पशुओं के जाने वाले रास्ते को ट्रेस किया और उनकी लोकेशन का पता लगाया। इसके बाद पुलिस टीम ने सभी पशुओं को बरामद कर पशुपालक प्रमोद मीणा के सौंप दिए। इस कार्रवाई में शैलेंद्र सिंह की अहम भूमिका रही। पशुधन वापस मिलने पर पशुपालक ने कोटा शहर पुलिस और अभय कमांड सेंटर की टीम का आभार जताया।