कोटा मेडिकल कॉलेज में कैंसर मरीजों के लिए बड़ी सुविधा विकसित होने जा रही है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कैंप कार्यालय में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग और मेडिकल कॉलेज के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में कैंसर यूनिट की स्थापना के लिए 149 करोड़ रुपए की वित्तीय सहमति मिलने की जानकारी दी गई। कैंसर के इलाज के लिए अभी कोटा संभाग और आसपास के मरीजों को जयपुर या दिल्ली जाना पड़ता है। नई यूनिट शुरू होने के बाद हाड़ौती सहित आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को कोटा में ही उपचार मिल सकेगा। आधुनिक सुविधाओं से लैस होगी यूनिट कैंसर यूनिट के निर्माण और सुविधाओं पर 149 करोड़ रुपए खर्च होंगे। इसमें 56.75 करोड़ सिविल इंफ्रास्ट्रक्चर, 4 करोड़ आईटी हार्डवेयर व नेटवर्किंग, 16.03 करोड़ एचवीएसी, सीसीटीवी, लिफ्ट, फायर फाइटिंग और प्रशासनिक फर्नीचर तथा 72.08 करोड़ रुपए चिकित्सा उपकरणों के लिए निर्धारित हैं। यूनिट के संचालन के लिए आवश्यक शैक्षणिक पदों पर भी सहमति दी गई है। अस्पतालों में 25 करोड़ के विकास कार्य कोटा मेडिकल कॉलेज से जुड़े अस्पतालों में करीब 25 करोड़ रुपए के विकास कार्यों को भी वित्तीय सहमति मिली है। इनमें नए अस्पताल में निर्माण-मरम्मत, इलेक्ट्रिकल कार्य, गार्डन और सुविधाओं का विकास शामिल है। एमबीएस अस्पताल में जी+2 सेंट्रल लैब के निर्माण के लिए 7.09 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। बिरला ने अस्पतालों में नई और आधुनिक सीटी स्कैन व एमआरआई मशीनें लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मरीजों को जांच के लिए लंबे समय तक इंतजार नहीं करना पड़े, इसके लिए सुविधाओं की क्षमता बढ़ाई जाए। कोटा में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार कर गंभीर बीमारियों और सुपर स्पेशलिटी उपचार की सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।