कोटा की 5 नगर पालिकाओं में 9 सितंबर को वोटिंग होनी है। इसे लेकर मंगलवार को पोलिंग पार्टियों को मतदान केंद्र रवाना किया गया। दूसरी तरफ कोटा में सभी दल जोर-शोर से चुनाव प्रचार में जुटे हैं। प्रचार के दौरान एक प्रत्याशी ने ज्योतिष को अपना हाथ भी दिखाया। वहीं, मंत्री मदन दिलावर ने प्रहलाद गुंजल पर तंज कसते हुए कहा कि प्रहलाद गुंजल दल बदलू, 7 दलों की हांडिया चाट आए, वह मुझे क्या चरित्र का पाठ पढ़ाएंगे। दिलावर ने कहा कि प्रहलाद गुंजल ने मेरे लिए कहा है कि दिलावर को गुंजल जैसा चरित्र जीने के लिए सात जन्म लेने पड़ेंगे। मैं भी जानना चाहता हूं कि आपका कौन सा चरित्र है? कहीं वह चरित्र तो नहीं, जब राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के लिए भरी सभा में अपशब्द कहे गए थे ? आप उस चरित्र की बात तो नहीं कर रहे जब एक दलित अधिकारी को रात में धमकाकर गालियां दी थी। कहा था कि ऐसा खौफ पैदा कर दूंगा कि बच्चों को नींद नहीं आएगी ? मदन दिलावर ने वार्ड नंबर 3 से भाजपा प्रत्याशी सौसर बाई के समर्थन में प्रचार करने पहुंचे थे। उन्होंने अलग अलग वार्डों में जाकर जनसंपर्क किया। कांग्रेस प्रत्याशी ने ज्योतिष को दिखाया हाथ चुनाव में प्रत्याशी ज्योतिषियों से भी जानने की कोशिश कर रहे हैं कि ग्रह नक्षत्र उनके अनुसार चल रहे हैं या नहीं। ऐसा ही नजारा मंगलवार को वार्ड 78 में नजर आया। जहां कांग्रेस प्रत्याशी रिदम को प्रचार के दौरान ज्योतिष मिले तो उन्होंने अपना हाथ दिखा दिया। जिले की 5 नगर पालिकाओं में होगी वोटिंग इधर, नगरीय निकाय चुनाव के तहत 9 सितम्बर को जिले की 5 नगर पालिकाओं रामगंजमंडी, सुल्तानपुर, इटावा, सांगोद एवं सुकेत में मतदान होगा। 11 सितंबर को नगर निगम कोटा के 100 वार्डों के लिए मतदान होगा। मतगणना 14 सितंबर को होगी। नगर निगम के 100 वार्डों में पार्षदों के चुनाव के लिए की जा रही ईवीएम कमीशनिंग और अन्य तैयारियों का जिला निर्वाचन अधिकारी पीयूष समारिया ने जेडीबी कॉलेज पहुंचकर जायजा लिया। स्ट्रांग रूम में जाकर ईवीएम का निरीक्षण किया और ईवीएम कमीशनिंग की प्रक्रिया भी देखी। पोस्टर फाड़ने के आरोप लगाए कोटा में चुनाव प्रचार के दौरान आरोपों का दौर भी चल रहा है। वार्ड 43 से कांग्रेस प्रत्याशी निधी राजावत ने आरोप लगाया है कि प्रचार के लिए वार्ड में लगाए गए पोस्टर विरोधी प्रत्याशियों ने फड़वा दिए हैं।