कोटा के जवाहर नगर में हॉस्टल के बाहर दो कोचिंग छात्रों से मारपीट हो गई। म्यूजिक की आवाज को लेकर हुए विवाद के बाद 8-10 युवकों ने छात्रों पर हमला किया। हंगामा CCTV कैमरे में कैद हो गया। दरअसल, हॉस्टल में रहने वाले छात्रों के बीच गाना बजाने की आवाज को लेकर कहासुनी हुई थी। विवाद बढ़ने पर एक छात्र ने बाहर से अपने 8-10 साथियों को बुला लिया। युवक हॉस्टल के बाहर पहुंचे और वहां हंगामा करते हुए दो छात्रों के साथ मारपीट कर दी। अचानक हुए हंगामे से हॉस्टल में मौजूद अन्य छात्रों में भी अफरा-तफरी मच गई। मारपीट की पूरी घटना हॉस्टल के बाहर लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में कुछ युवक छात्रों के साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं। घटना के बाद हॉस्टल संचालक ने जवाहर नगर थाने में शिकायत दी। पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई और CCTV फुटेज के आधार पर घटनाक्रम की जांच की। म्यूजिक की आवाज को लेकर छात्रों के बीच विवाद जवाहर नगर थाना अधिकारी मुकेश मीणा ने बताया कि म्यूजिक की आवाज को लेकर छात्रों के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद मारपीट की घटना हुई। मामले में दोनों पक्षों की ओर से कार्रवाई नहीं करने को लेकर आवेदन दिया गया है।