कोटा पुलिस विभाग में उत्कृष्ट कार्य और महत्वपूर्ण उपलब्धियों के लिए कोटा शहर के पांच पुलिसकर्मियों को विशेष पदोन्नति मिली है। पुलिस मुख्यालय की ओर से हेड कॉन्स्टेबल इंद्र सिंह, महेंद्र सिंह, अशोक सिंह, शिवपाल गुर्जर को विशेष पदोन्नति देकर सहायक उप निरीक्षक (ASI) बनाया गया है। वहीं ओमदत्त शर्मा को ASI से SI बनाया गया है। पुलिस महानिदेशक राजस्थान की ओर से इन पुलिसकर्मियों के विशेष कार्यों को देखते हुए यह प्रमोशन दिया गया है। गैलंट्री प्रमोशन के लिए भेजा था प्रस्ताव कोटा एसपी की ओर से इन पुलिसकर्मियों के गैलंट्री प्रमोशन के लिए प्रस्ताव भेजा गया था। साथ ही पुलिस महानिदेशक कार्यालय जयपुर को भी पदोन्नति के लिए फाइल भेजी गई थी। करीब 18 साल से राजस्थान पुलिस में सेवा दे रहे इन कर्मचारियों को उत्कृष्ट कार्य के लिए समय-समय पर रिवॉर्ड और प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया जाता रहा है। 31 लाख की लूट के इनामी बदमाशों को पकड़ा था वर्तमान में ये पुलिसकर्मी साइबर सेल और डीएसटी टीम में पदस्थापित हैं। पुलिस के अनुसार- इन्होंने अब तक सैकड़ों आरोपियों और इनामी बदमाशों को पकड़ने के साथ कई ब्लाइंड केसों के खुलासे में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इनकी टीम ने एमपी और राजस्थान में इनामी अपराधी इशरत नानजी को पकड़ा था। उदयपुर से इनामी दिग्विजय दीक्षित उर्फ बिट्टू को भी गिरफ्तार किया गया। गुमानपुरा में हुई 31 लाख रुपए की लूट के कई इनामी आरोपियों को पकड़ने में भी इनकी भूमिका रही। इसके अलावा गढ़ पैलेस में हुई चोरी का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। किडनैपिंग और लूट के आरोपियों को पकड़ा अहमदाबाद गुजरात में करोड़ों रुपए की लूट के लिए हुई किडनैपिंग और लूट के आरोपियों को पकड़कर गुजरात पुलिस के हवाले करने में भी इन पुलिसकर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। लगातार बेहतर पुलिसिंग और जटिल मामलों के खुलासे को देखते हुए अब इन्हें हेड कॉन्स्टेबल से एएसआई पद पर विशेष पदोन्नति मिली है।