कोटा में पेपर लीक के बाद दोबारा आयोजित RPSC SI भर्ती परीक्षा आज 58 केंद्रों पर हुई। पहली पारी में 16,448 नामांकित अभ्यर्थियों में से 11,750 ने परीक्षा दी, जबकि 4,698 अनुपस्थित रहे। इस तरह पहली पारी में 71.43% उपस्थिति रही। दूसरी पारी में 11,661 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए और 4,787 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। दूसरी पारी में उपस्थिति 70.89% रही। परीक्षा देने पहुंचे अभ्यर्थियों में पेपर के स्तर को लेकर अलग-अलग राय सामने आई। अधिकतर अभ्यर्थियों ने पेपर को कठिन बताया, जबकि कुछ ने इसे सामान्य स्तर का बताया। पहली पारी की परीक्षा सुबह 10 बजे से शुरू हुई, इसके लिए 9 बजे एंट्री बंद कर दी गई थी। गेट बंद होने के बाद इंदिरा गांधी नगर सेंटर पर दो अभ्यर्थी पहुंचे, जिन्हें एंट्री नहीं दी गई। वहीं बूंदी से आया एक अभ्यर्थी गलत परीक्षा केंद्र पर पहुंच गया था, जिसके कारण वह परीक्षा से वंचित रह गया। राखी और हाथ में बंधी वस्तुएं भी उतरवाईं परीक्षा केंद्र पर किसी भी तरह की प्रतिबंधित वस्तु को अंदर ले जाने की अनुमति नहीं दी गई। अभ्यर्थियों के हाथों में बंधी राखियां भी कटवाई गईं। जींस पहनकर पहुंचे अभ्यर्थियों को सादा पैंट या पजामा पहनकर आने के लिए कहा गया। जांच के बाद ही अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया गया। केंद्र पर अभ्यर्थियों की वीडियोग्राफी की गई। इसके साथ ही बायोमेट्रिक और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन की प्रक्रिया पूरी की गई। सभी जांच पूरी होने के बाद अभ्यर्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया। 9 बजे गेट बंद, देरी से पहुंचे अभ्यर्थियों को नहीं मिली एंट्री परीक्षा केंद्रों के गेट सुबह 9 बजे बंद कर दिए गए। इसके बाद पहुंचे अभ्यर्थियों को प्रवेश नहीं दिया गया। इंदिरा गांधी नगर परीक्षा केंद्र पर दो अभ्यर्थी करीब 2 से 5 मिनट की देरी से पहुंचे। इनमें बूंदी से आई एक युवती और सवाई माधोपुर से आया एक युवक शामिल था। दोनों अभ्यर्थियों ने बताया कि रास्ते में भीड़ के कारण उन्हें देरी हुई। वे परीक्षा केंद्र के बाहर पुलिसकर्मियों से प्रवेश देने की गुहार लगाते रहे, लेकिन निर्धारित समय निकल जाने के कारण उन्हें अंदर प्रवेश नहीं दिया गया। दोनों को परीक्षा दिए बिना ही लौटना पड़ा। गूगल ने गलत लोकेशन पर पहुंचाया, परीक्षा से वंचित रहा वहीं बूंदी से आया एक अन्य अभ्यर्थी निर्धारित समय पर परीक्षा केंद्र पहुंच गया, लेकिन वह गलत परीक्षा केंद्र पर पहुंच गया। उसका परीक्षा केंद्र सुभाष नगर में निर्धारित था, जबकि वह गलती से इंदिरा गांधी नगर स्थित केंद्र पहुंच गया। अभ्यर्थी ने बताया कि उसने गूगल मैप के जरिए परीक्षा केंद्र तक पहुंचने की कोशिश की, लेकिन गलत सेंटर पर पहुंच गया। समय पर पहुंचने के बावजूद निर्धारित केंद्र पर नहीं पहुंच पाने के कारण वह परीक्षा देने से वंचित रह गया। कोटा के उद्योग नगर थाना क्षेत्र के इंदिरा गांधी नगर स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में भी एसआई भर्ती परीक्षा का केंद्र बनाया गया है। यहां सुबह से ही बड़ी संख्या में अभ्यर्थी परीक्षा देने पहुंचे। केंद्र के बाहर पुलिसकर्मियों ने अभ्यर्थियों की जांच की। इसके बाद परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले मेटल डिटेक्टर से भी चेकिंग की गई। इस परीक्षा के लिए 16 हजार 448 अभ्यर्थी रजिस्टर्ड हैं। यह एग्जाम 2 पारियों में हो रही है। पहली पारी सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पारी दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के साथ अभ्यर्थियों की सघन जांच की गई।