फलोदी के नए जिला पुलिस अधीक्षक आईपीएस आदित्य काकड़े ने सोमवार को पदभार संभालने के अगले ही दिन मंगलवार को पत्रकार वार्ता कर पुलिस की प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं। उन्होंने कहा कि आगामी पंचायतीराज चुनाव शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त माहौल में कराना पुलिस की प्राथमिकता है। चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जाएगी और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पुलिस तैयार रहेगी। एसपी काकड़े ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले में पुख्ता व्यवस्थाएं की गई हैं। पुलिस की ओर से चुनाव से जुड़ी गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। कानून-व्यवस्था बिगाड़ने या चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जिलेवासियों से बिना किसी भय या दबाव के मतदान करने तथा चुनाव आयोग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों की पालना करने की अपील की। एसपी ने जिले में बढ़ रहे साइबर अपराधों को लेकर कहा कि साइबर ठगी के मामलों में पुलिस त्वरित कार्रवाई करेगी। इसके साथ ही लोगों को साइबर अपराधों से बचाने के लिए जिलेभर में जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। लोगों को ऑनलाइन ठगी के तरीकों और उनसे बचाव के बारे में जागरूक करने पर भी पुलिस का फोकस रहेगा। नशा तस्करी पर एसपी ने कहा कि पुलिस नशे के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई करेगी। नशे की तस्करी में शामिल नेटवर्क की पहचान कर उसे तोड़ने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिले में नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस स्तर पर कार्रवाई लगातार जारी रखी जाएगी।