कोटा में शहर के बीचों-बीच लेपर्ड के पहुंचने से दहशत फैल गई। नयापुरा थाना क्षेत्र स्थित सीबी गार्डन में सुबह मॉर्निंग वॉक के दौरान लोगों ने एक लेपर्ड को पेड़ पर बैठे देखा। गार्डन में रोजाना बड़ी संख्या में लोग मॉर्निंग वॉक, योगा और एक्सरसाइज के लिए पहुंचते हैं। लेपर्ड दिखाई देने की सूचना तुरंत गार्ड को दी गई, जिसके बाद वन विभाग को सूचना दी गई। रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची सीबी गार्डन से कुछ दूरी पर ही वन विभाग का कार्यालय है। सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और गार्डन में मौजूद सभी लोगों को बाहर निकालकर गेट बंद कर दिया गया। टीम ने पेड़ पर बैठे लेपर्ड की निगरानी शुरू कर दी है और उसे ट्रेंकुलाइज कर रेस्क्यू करने की तैयारी की जा रही है। लेपर्ड पेड़ पर बैठा दिखाई दिया डीएफओ प्रमोद धाकड़ ने बताया कि सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम सीबी गार्डन पहुंच गई थी। लेपर्ड पेड़ पर बैठा हुआ दिखाई दिया है। उसे सुरक्षित तरीके से पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। इससे पहले भी माल रोड स्थित आर्मी एरिया और स्वास्थ्य विभाग कार्यालय के पास लेपर्ड नजर आ चुका है। वन विभाग ने पहले पिंजरा भी लगाया था, लेकिन लेपर्ड उसमें कैद नहीं हुआ। फिलहाल लेपर्ड ने किसी व्यक्ति पर हमला नहीं किया है।