महाराजा अग्रसेन की 5150वीं जयंती के अवसर पर खैरथल चार दिन तक उत्सव के रंग में नजर आएगा। अग्रवाल समाज की ओर से 8 से 11 अक्टूबर तक विभिन्न कार्यक्रम किए जाएंगे। जिला अग्रवाल संस्थान की ओर से 8 अक्टूबर को अग्र-अग्राज-26 के तहत श्री अग्रसेन मेले का आयोजन होगा। वहीं 10 और 11 अक्टूबर को अग्रवाल समाज खैरथल की ओर से दो दिवसीय जयंती महोत्सव मनाया जाएगा। श्री अग्रवाल भवन में 8 अक्टूबर को दोपहर 1 से शाम 5 बजे तक श्री अग्रसेन मेले का आयोजन होगा। इसमें लाइव जादूगर, डीजे शो, लकी ड्रॉ, विभिन्न प्रतियोगिताएं, बच्चों के लिए खेल-खिलौने और मिकी माउस आकर्षण का केंद्र रहेंगे। मेले में फूड स्टॉल भी लगाए जाएंगे और अतिथियों का सम्मान किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत महाराजा अग्रसेन के माल्यार्पण, दीप प्रज्वलन और ध्वजारोहण से होगी। 10 अक्टूबर को सुबह 9 बजे अग्रवाल भवन से महाराजा अग्रसेन की झांकी के साथ बाइक रैली निकाली जाएगी। इसके बाद दोपहर में थाल सज्जा, चित्रकला, रंगोली और मेहंदी प्रतियोगिताएं होंगी। शाम 6 बजे देशभर से आए कवियों की मौजूदगी में कवि सम्मेलन होगा। महोत्सव के अंतिम दिन 11 अक्टूबर को सुबह अग्रसेन सर्किल पर माल्यार्पण एवं ध्वजारोहण किया जाएगा। इसके बाद शहर के प्रमुख मार्गों से महाराजा अग्रसेन की विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी। शाम 5:15 बजे सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं प्रतिभा सम्मान समारोह होगा। रात 9:30 बजे महाआरती और सामूहिक भोज के साथ चार दिवसीय महोत्सव का समापन होगा। मुख्य अतिथि पवन अग्रवाल और नरेश मित्तल तथा विशिष्ट अतिथि सतीश सिंघल होंगे। कार्यक्रम में मुरारी लाल मंगल, जयप्रकाश मंगल, सतीश अग्रवाल, पार्षद चारु अग्रवाल, विनोद गर्ग, सुनील बंसल मौजूद रहेंगे।