रींगस पुलिस थाना क्षेत्र के महरोली गांव में ससुराल आए एक दामाद को साले और सालियों ने रस्सी से बांधकर पीटा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दामाद को छुड़वाया। इसके बाद दामाद रोहिताश और उसके साले सुरेश कुमार सैनी ने एक-दूसरे के खिलाफ पुलिस थाने में केस दर्ज कराए हैं। पुलिस ने दोनों मामलों की जांच शुरू कर दी है। एएसआई मुकेश कुमार ने बताया - अरणिया, सीकर निवासी रोहिताश जगदीश ने शिकायत दी कि वह अपनी पत्नी से मिलने ससुराल आया था। यहां ससुराल पक्ष के लोगों ने उसे रस्सी से बांधकर लात-घूंसों से पीटा। वहीं, महरोली निवासी सुरेश दर्ज रिपोर्ट में आरोप लगाया - रोहिताश ने बाजार में उसकी बहन (रोहिताश की पत्नी) से मारपीट की थी। इसके बाद वह घर आकर फिर से झगड़ा करने लगा, जिससे विवाद बढ़ गया। पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर केस दर्ज कर लिया है।