मेवाड़ के लोगों का रुझान तेजी से इंटरनेशनल टूर की तरफ बढ़ रहा है। आईआरसीटीसी के विदेशी टूर पैकेजों को अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। मेवाड़ से वियतनाम टूर के लिए अब तक छह बुकिंग हो चुकी हैं, जबकि चित्तौड़गढ़ से थाईलैंड पैकेज के लिए पांच लोगों ने बुकिंग को लेकर जानकारी ली है। इसी को लेकर आईआरसीटीसी के जयपुर क्षेत्रीय कार्यालय ने 'एक्जॉटिक थाईलैंड एक्स जयपुर' नाम से नया पैकेज लॉन्च किया है। इस पैकेज की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यात्रियों को दिल्ली जाने की जरूरत नहीं होगी। जयपुर से ही सीधी फ्लाइट मिलेगी। टिकट, होटल, खाना, यात्रा, गाइड, बीमा और दूसरे जरूरी इंतजाम एक ही पैकेज में शामिल रहेंगे। इससे पहली बार विदेश जाने वाले लोगों के लिए भी यात्रा आसान हो जाएगी। सिर्फ पासपोर्ट तैयार रखने की जरूरत आईआरसीटीसी के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक मुकेश सैनी ने बताया- कई परिवार विदेश घूमना चाहते हैं, लेकिन टिकट, होटल, स्थानीय यात्रा और दूसरे इंतजामों को लेकर असमंजस में पड़ जाते हैं। इसी कारण कई बार उनका कार्यक्रम बन ही नहीं पाता। इस पैकेज में पूरी यात्रा की जिम्मेदारी आईआरसीटीसी ने ली है। यात्रियों को अलग-अलग बुकिंग करने की जरूरत नहीं होगी। उन्होंने कहा- पर्यटकों को सिर्फ अपना पासपोर्ट तैयार रखना है। बाकी टिकट, होटल, घूमने की व्यवस्था, भोजन, स्थानीय ट्रांसपोर्ट, गाइड और बीमा जैसी सभी सुविधाएं आईआरसीटीसी उपलब्ध कराएगा। इससे यात्रा आसान होने के साथ समय और मेहनत दोनों की बचत होगी। 17 नवंबर को जयपुर से उड़ान यह पैकेज 17 से 22 नवंबर तक रहेगा। 17 नवंबर की रात एयर एशिया की सीधी फ्लाइट जयपुर से बैंकॉक के लिए रवाना होगी। यात्रा के दौरान पर्यटक बैंकॉक और पटाया दोनों शहरों की सैर करेंगे। पटाया पहुंचने के बाद पहली ही शाम दुनिया में मशहूर अल्का ज़ार शो दिखाया जाएगा। अगले दिन स्पीड बोट से कोरल आइलैंड ले जाया जाएगा, जहां समुद्र का साफ पानी और बीच पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र रहेंगे। इसके बाद बैंकॉक में रिक्लाइनिंग बुद्धा और गोल्डन बुद्धा मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे। शाम को चाओ फ्राया नदी में क्रूज पर डिनर की व्यवस्था रहेगी, जहां रोशनी से जगमगाते बैंकॉक का नजारा देखने का मौका मिलेगा। बच्चों और परिवारों के लिए सफारी वर्ल्ड और मरीन पार्क की सैर भी पैकेज का हिस्सा है। यात्रा के आखिरी दिन खरीदारी के लिए भी पर्याप्त समय दिया जाएगा। खाने और होटल की भी पूरी व्यवस्था विदेश यात्रा के दौरान खाने-पीने को लेकर कई लोगों को चिंता रहती है। इसे ध्यान में रखते हुए पैकेज में भारतीय और शाकाहारी भोजन की व्यवस्था भी की गई है। नाश्ता, दोपहर का भोजन और रात का खाना पैकेज में शामिल रहेगा और ज्यादातर भोजन भारतीय रेस्टोरेंट में कराया जाएगा। बैंकॉक और पटाया में दो-दो रात 3 और 4 स्टार होटल में ठहराया जाएगा। इसके अलावा स्थानीय यात्रा के लिए एसी बस, सभी पर्यटन स्थलों के प्रवेश शुल्क, अनुभवी गाइड, ट्रैवल इंश्योरेंस और सभी टैक्स भी पैकेज में शामिल हैं। यानी यात्रा के दौरान अलग से किसी बड़े खर्च की जरूरत नहीं पड़ेगी। 66 हजार रुपए से शुरू होगा पैकेज पांच रात और छह दिन के इस पैकेज का किराया डबल या ट्रिपल शेयरिंग के आधार पर प्रति व्यक्ति 66 हजार 375 रुपए रखा गया है। सिंगल रूम लेने वाले यात्री के लिए यह राशि 74 हजार 5 रुपए होगी। बच्चों के लिए भी अलग-अलग दरें तय की गई हैं। बेड के साथ बच्चे का किराया 63 हजार 320 रुपए, बिना बेड 55 हजार 815 रुपए और 2 से 4 साल तक के बच्चों के लिए 36 हजार 600 रुपए रखा गया है। पूरे टूर में सिर्फ 25 सीटें उपलब्ध हैं। इसलिए बुकिंग पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर होगी। बुकिंग की अंतिम तिथि 15 अक्टूबर रखी गई है। पासपोर्ट छह महीने तक वैध होना जरूरी आईआरसीटीसी ने बताया- यात्रा करने वाले सभी यात्रियों का पासपोर्ट भारत लौटने की तारीख से कम से कम छह महीने तक वैध होना चाहिए। इच्छुक यात्री आईआरसीटीसी की वेबसाइट या जयपुर स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में संपर्क कर बुकिंग करा सकते हैं। अधिकारियों का कहना है कि पिछले कुछ समय में विदेश घूमने के लिए लोगों की रुचि लगातार बढ़ी है। मेवाड़ से वियतनाम पैकेज के लिए छह बुकिंग और चित्तौड़गढ़ से थाईलैंड पैकेज के लिए पांच लोगों की पूछताछ इसी बढ़ते रुझान का संकेत है। ऐसे में उम्मीद है कि त्योहारों के बाद होने वाली इस यात्रा में मेवाड़ से भी अच्छी संख्या में पर्यटक शामिल होंगे।