नागौर में रिजल्ट में पास होने की खुशियां 2 दिन बाद ही मातम में बदल गई। रिजल्ट की मार्कशीट लेने कॉलेज आए बाइक सवार युवक को बेकाबू डंपर ने कूचल दिया। डंपर में फंसने से बाइक करीब 30 फीट तक घसीटती चली गई। घटना सोमवार की शाम 5 बजे नागौर-बीकानेर बाइपास रोड़ स्थित सुफिया कॉलेज के पास हुई। हादसे में सुरेंद्र भालिया (22) पुत्र रामरतन निवासी इंदोकली(मूंडवा) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं डंपर ड्राइवर फरार हो गया। डॉक्यूमेंट लेने कॉलेज आया था नागौर सीआई नंदलाल रिणवा ने बताया- सुरेंद्र सुफिया कॉलेज में B.Sc. नर्सिंग की पढ़ाई कर रहा था। दो दिन पहले ही उसका रिजल्ट आया था, जिसमें उसने B.Sc. नर्सिंग पास की थी। सोमवार को वह मार्कशीट लेने के लिए कॉलेज जा रहा था। कॉलेज से करीब 400 मीटर पहले तेज रफ्तार डंपर ने उसकी बाइक को सामने से टक्कर मार दी। भीषण टक्कर में सुरेंद्र बाइक समेत डंपर की चपेट में आ गया और करीब 30 फीट तक घसीटा गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नागौर के जेएलएन अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। ग्रामीण राजवीर ने बताया कि मृतक सुरेंद्र की दो साल पहले ही शादी हुई थी। परिवार में सुरेंद्र का एक छोटा भाई है, जो पढ़ाई करता है। पिता BSF में जवान, रिजल्ट की खुशी के दो दिन बाद हादसा सुरेंद्र के पिता BSF में जवान हैं। बेटे की मौत की सूचना मिलने के बाद परिवार में मातम पसर गया। परिजनों के अनुसार, सुरेंद्र के रिजल्ट आने के बाद परिवार में खुशी थी, लेकिन हादसे की खबर ने सभी को तोड़ दिया है। CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस नागौर सीआई नंदलाल रिणवा ने बताया- डंपर खाली था। हादसे के बाद ड्राइवर डंपर लेकर फरार हो गया। घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रहे है और उनके आधार पर डंपर और ड्राइवर की तलाश की जा रही है। पुलिस ने शव को जेएलएन हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। मंगलवार सुबह पोस्टमॉर्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सुपुर्द किया जाएगा।