नागौर में जमानत की पैरवी करने जा रहे एक वकील के साथ कुछ लोगों ने मारपीट कर दी। आरोप है कि बोलेरो सवार लोगों ने बालवा रोड पर वकील की बाइक को टक्कर मारकर उन्हें सड़क पर गिरा दिया। इसके बाद लाठियों से हमला किया। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे राहगीरों ने बीच-बचाव कर वकील को हमलावरों से छुड़ाया। घटना के बाद वकील ने कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दी। पैरवी नहीं करने का दबाव बनाने का आरोप वकील रामकिशोर बाना ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया- वे सुरपालिया थाना क्षेत्र से जुड़े एक मामले में बाल अपचारी की पैरवी कर रहे हैं। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे कुछ लोग न्यायालय परिसर में उनके ऑफिस पहुंचे और बाल अपचारी की पैरवी नहीं करने के लिए दबाव बनाया। आरोप है कि इस दौरान केसाराम ने ऑफिस में रखी केस की फाइलें फाड़ दीं और बहस करते हुए मारपीट का प्रयास किया। मौके पर मौजूद साथी वकीलों ने बीच-बचाव किया और केसाराम को न्यायालय परिसर से बाहर निकलवाया। बोलेरो से बाइक को मारी टक्कर वकील रामकिशोर ने आगे बताया- दोपहर करीब 2 बजे बालवा रोड स्थित किशोर न्याय बोर्ड में पैरवी के लिए जा रहा था। इसी दौरान केसाराम, राजूराम सहित 5-7 अन्य लोग बोलेरो में सवार होकर वहां पहुंचे और बोलेरो से मेरी बाइक को टक्कर मार दी। इससे में सड़क पर गिर गया। इसके बाद आरोपियों ने लाठियों से मेरे साथ मारपीट की। मौके पर राहगीरों के पहुंचने के बाद हमलावर वहां से चले गए। मामला दर्ज, जांच शुरू कोतवाली थाना प्रभारी नंदकिशोर रिणवा ने बताया- वकील की ओर से दी गई शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस घटनास्थल और आरोपों से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।