निकाय चुनाव में मतदान के बाद अब सभी की निगाहें सोमवार को होने वाली मतगणना पर टिकी हैं। जिले की 9 नगरीय निकायों में मतगणना की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू होगी। 47 टेबलों पर होने वाली काउंटिंग में कुल 65 राउंड में चुनावी तस्वीर साफ होगी। इस दौरान जिले के 1046 प्रत्याशियों के राजनीतिक भविष्य का फैसला होगा। सबसे ज्यादा नजरें नागौर नगर परिषद के नतीजों पर रहेंगी। यहां 60 वार्डों की मतगणना के लिए 9 टेबल लगाई गई हैं। कुल 14 राउंड में सभी वार्डों के नतीजे सामने आएंगे। इसके साथ ही बसनी, जायल, मूंडवा, कुचेरा, मेड़ता सिटी, मेड़ता रोड, रियांबड़ी और डेगाना नगर निकायों के नतीजे भी राउंड वार जारी किए जाएंगे। भाजपा-कांग्रेस के साथ निर्दलीयों पर भी नजर मतगणना के साथ ही यह साफ हो जाएगा कि मतदाताओं ने किस पार्टी पर भरोसा जताया है। भाजपा और कांग्रेस के बीच मुकाबले के साथ कई वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी मुकाबले को रोचक बनाया है। ऐसे में दोनों प्रमुख दलों के साथ निर्दलीय प्रत्याशियों के प्रदर्शन पर भी नजर रहेगी। नागौर नगर परिषद में सभापति की कुर्सी को लेकर भी चुनाव परिणाम अहम माने जा रहे हैं। बहुमत का आंकड़ा किसके पक्ष में जाता है और कौन-कौन से प्रत्याशी जीतकर परिषद में पहुंचते हैं, इसका असर सभापति चुनाव के समीकरण पर पड़ेगा। मतदान के बाद से ही शहर में अलग-अलग वार्डों को लेकर जीत-हार के कयास लगाए जा रहे हैं। अधिकारियों और एजेंटों की एंट्री अलग-अलग गेट से मतगणना स्थल पर सुरक्षा और प्रवेश व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन ने व्यवस्था की है। अधिकारियों की एंट्री मिर्धा राजकीय कॉलेज के मुख्य गेट से होगी। वहीं प्रत्याशियों के मतगणना एजेंटों की एंट्री पुलिस लाइन नंबर-3 के सामने स्थित मिर्धा कॉलेज स्टेडियम के गेट से होगी। प्रशासन की ओर से मतगणना स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। सुबह 8 बजे मतगणना शुरू होने के बाद राउंड वार परिणाम सामने आते जाएंगे। कलेक्टर ने मतगणना स्थल का किया निरीक्षण जिला कलेक्टर देवेंद्र कुमार ने रविवार को राजकीय मिर्धा कॉलेज पहुंचकर मतगणना कक्ष का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली और मतगणना को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर ने मतगणना स्थल पर प्रत्याशियों के बैठने की व्यवस्था, पार्किंग और अन्य व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को मतगणना प्रक्रिया के दौरान सभी व्यवस्थाएं सुचारू रखने के निर्देश दिए। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कलेक्टर ने बताया कि मतगणना स्थल पर पर्याप्त पुलिस जाब्ता तैनात रहेगा। विजय जुलूस और DJ पर रहेगी पाबंदी जिला कलेक्टर देवेंद्र कुमार ने बताया- मतगणना के बाद विजेता प्रत्याशियों की ओर से विजय जुलूस निकालने पर पूर्णतया पाबंदी रहेगी। इसके साथ ही DJ बजाने की भी अनुमति नहीं होगी। उन्होंने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए धारा 163 की पालना सुनिश्चित करवाई जाएगी। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।