नगरीय निकाय चुनाव में नागौर जिले के मतदाताओं की बारी कल यानी बुधवार को है। जिले में पहले चरण के तहत नागौर नगर परिषद, जायल, मुंडवा, बासनी और कुचेरा नगर पालिका में 9 सितंबर को मतदान होगा। इन निकायों में मतदाता सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक अपने वार्ड के प्रत्याशी के लिए वोट डाल सकेंगे। जिले के बाकी 4 निकायों में 11 सितंबर को मतदान होगा। सभी निकायों की मतगणना 14 सितंबर को होगी। नागौर के इन पांच निकायों में 1,60,950 लाख मतदाता हैं, सबसे ज्यादा प्रत्याशी नागौर नगर परिषद में हैं, यहां 241 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। नागौर नगर निगम में सबसे ज्यादा प्रत्याशी वार्ड नंबर 13, 15, 16, 22, 25 और 57 में हैं, यहां 7-7 उम्मीदवार हैं। वहीं सबसे कम प्रत्याशी वार्ड नंबर 8, 9, 12, 28, 33, 34, 40, 44, 45, 49, 54, 59 में हैं, यहां 2-2 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। शहर के 3248 मतदाता पहली बार अपने वोट का प्रयोग करेंगे। वहीं मूंडवा में 61, कुचेरा में 78, जायल में 83 और बासनी में 143 प्रत्याशी मैदान में है। अब पढ़िए किस- किस रिश्तेदार में हो रही टक्कर वार्ड-22 में सास के सामने एक नहीं, दो बहुएं मैदान में तीनों प्रत्याशी एक ही परिवार से जुड़ीं, सास कांग्रेस से तो दोनों बहुएं निर्दलीय चुनाव लड़ रहीं है और एक ही मोहल्ले में चुनाव से पहले चुनाव प्रचार का मुकाबला चल रहा है। नतीजा चाहे जो भी हो, लेकिन सास बनाम दो बहुओं की यह चुनावी जंग नागौर निकाय चुनाव की सबसे रोचक पारिवारिक टक्करों में शामिल हो गई है। वार्ड नंबर 10 में मामा और भांजे की टक्कर नागौर निकाय चुनाव में वार्ड नंबर 10 में मामा-भांजे की चुनावी टक्कर भी चर्चा में रही है। मामा भांजा दोनों कांग्रेस से टिकट मांग रहे थे। लेकिन पार्टी ने भांजे को टिकट दे दिया था। मामा का टिकट कटने के बाद पार्टी से नाराज चल रहे मामा ने भाजपा के देवकिशन भाटी को वार्ड नंबर 10 में समर्थन दे दिया है, जिससे मुकाबला रोमांचक हो गया है।