नागौर में एएनटीएफ और श्रीबालाजी थाना पुलिस ने रातड़ी गांव में दबिश देकर 44.274 किलो अवैध डोडा-पोस्त बरामद किया है। नशे की खेप घर में प्लास्टिक के 3 कट्‌टों में भरकर रखी गई थी। पुलिस ने तस्कर को बरामद माल के साथ गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के मुताबिक- एएनटीएफ टीम को सूचना मिली थी कि श्रीबालाजी थाना इलाके के रातड़ी गांव में रहने वाले चोखाराम के घर में अवैध नशे की खेप रखी है। सूचना के आधार पर टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई की। पुलिस टीम जैसे ही चोखाराम के घर पहुंची, वह कमरे के गेट के बीच खड़ा मिला। पुलिस को वर्दी में देखकर आरोपी घबरा गया। टीम ने उसे मौके पर ही रोककर तलाशी की कार्रवाई शुरू की। तलाशी के दौरान कमरे से काले रंग के तीन प्लास्टिक कट्टे, एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा और एक मिक्सी मिली। पुलिस ने कट्टों को खोलकर जांच की तो उनमें डोडा-पोस्त चूरा और छिलका बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने कट्टों में डोडा-पोस्त चूरा होना बताया। पुलिस ने मौके से 44.274 किलोग्राम नशा जब्त कर लिया। साथ ही आरोपी चोखाराम (39) पुत्र मूलाराम को गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई नशा मुक्त राजस्थान-2029 अभियान के तहत की गई। टीम सदस्य ने बताया- नशा तस्करी के खिलाफ अभियान के तहत आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।