राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से बूंदी जिले में नियुक्त पर्यवेक्षक जुगल किशोर मीणा ने सोमवार को नैनवां नगरपालिका क्षेत्र में बनाए गए मतदान और मतगणना केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने चुनावी व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। इस दौरान पर्यवेक्षक ने नैनवां नगरपालिका क्षेत्र के कई मतदान केंद्रों का दौरा कर वहां की सुविधाओं और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इसके बाद वे मतगणना केंद्र पहुंचे और स्ट्रांग रूम, मतगणना कक्षों तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने सरकारी भगवान आदिनाथ जयराज मारवाड़ा कॉलेज नैनवां में स्थित मतगणना स्थल से गैर-जरूरी सामान तुरंत हटाने के निर्देश दिए। इसके बाद पीएमश्री स्कूल में बनाए गए मतदान केंद्र का भी निरीक्षण किया। पर्यवेक्षक ने मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने, पर्याप्त रोशनी और पीने के पानी की सही व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने नैनवां नगरपालिका के मतगणना केंद्र में सीसीटीवी कक्ष का भी निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। सरकारी सीनियर सैकंडरी स्कूल में स्थित मतदान केंद्र के निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्वाचन क्षेत्र में मतदाताओं की संख्या की जानकारी ली। साथ ही मतदान केंद्र के रैंप को ठीक करवाने के निर्देश दिए, ताकि दिव्यांग और बुजुर्ग मतदाताओं को वोट डालने में दिक्कत न हो। पर्यवेक्षक ने नैनवां नगरपालिका निर्वाचन क्षेत्र के अन्य मतदान केंद्रों का भी निरीक्षण कर व्यवस्थाएं परखीं। इस दौरान रिटर्निंग अधिकारी दीपांशु सांगवान, पुलिस उप अधीक्षक ओमप्रकाश, तहसीलदार भोपाल सिंह और थानाधिकारी सहदेव सिंह सहित चुनाव से जुड़े अधिकारी मौजूद थे।