जोधपुर शहर के हॉट सीट बने दो वार्डों में निकाय चुनाव का मुकाबला खासा दिलचस्प हो गया है। यहां भाजपा और कांग्रेस के दिग्गज आमने-सामने हैं, जिससे दोनों सीटों पर मुकाबला प्रतिष्ठा का बन गया है। खास बात यह है कि इन वार्डों में पुरुषों के मुकाबले महिला मतदाताओं की संख्या ज्यादा है, जो चुनावी नतीजों में अहम भूमिका निभा सकती हैं। स्थानीय लोगों के लिए स्ट्रीट लाइट और पार्किंग व्यवस्था प्रमुख मुद्दे हैं और वे इन सुविधाओं में सुधार की उम्मीद कर रहे हैं। जोधपुर नगर निगम चुनाव में इन दिनों सबसे ज्यादा चर्चा वार्ड 40 और 42 दो वार्डों की हो रही है। ये हॉट सीट इसलिए भी है, क्योंकि इन सीटों पर भाजपा और कांग्रेस दोनों पार्टियों के दिग्गज चुनावी मैदान में है। इनमें एक वार्ड है 42 नंबर, जहां से कांग्रेस के प्रत्याशी कांग्रेस शहर जिलाध्यक्ष ओमकार वर्मा और भाजपा से पूर्व राज्यमंत्री मेघराज लोहिया हैं। वहीं दूसरा वार्ड है 40 नंबर है, जहां से कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष नरेशचंद्र जोशी और भाजपा से पूर्व डिप्टी मेयर देवेंद्र सालेचा है। ये सभी प्रत्याशी अपनी-अपनी पार्टियों के महामौर चेहरे भी है। इधर, स्थानीय लोगों का कहना है कि पार्षद चाहे किसी भी पार्टी का या कोई भी हो, हमें वार्ड में विकास चाहिए। स्ट्रीट लाइट और पार्किंग जैसी समस्याओं का प्राथमिकता के तौर पर निस्तारण होना चाहिए। वार्ड नंबर: 42- यहां दो निर्दलीय गिरा सकते है वोट शेयर वार्ड नंबर 42 क्यों है हॉट सीट: यहां भाजपा से पूर्व राज्यमंत्री मेघराज लोहिया चुनावी मैदान में है। मेघराज लोहिया भाजपा के सीनियर नेताओं में आते हैं। इसके साथ ही संघ से भी जुड़ाव है। जबकि उनके सामने कांग्रेस के शहर जिलाध्यक्ष ओमकार वर्मा है। वर्मा पूर्व सीएम अशोक गहलोत के करीबी है। शहर कांग्रेस की कमान अभी उनके हाथ में है। प्रतिष्ठा क्यों दांव पर: दोनों ही भाजपा और कांग्रेस के दिग्गज नेताओं में शामिल है। इस वार्ड के कुछ हिस्सा सरदारपुरा विधानसभा में भी आता है। 14 सितंबर के रिजल्ट के बाद एक प्रत्याशी को हार का सामना करना पड़ेगा। इसके साथ ही मेयर की रेस से बाहर हो जाएंगे। निर्दलियों का गणित: इसी वार्ड से दो निर्दलीय उम्मीदवार भी मैदान में है। जानकारों की मानें तो उनके वोट दोनों प्रत्याशियों के वोटिंग शेयर को भी इफेक्ट करेगा। यहां पर ये है वोटर्स का गणित इस वार्ड में 7 हजार 582 वोटर्स है। इनमें 3 हजार 787 पुरुष और 3795 महिला वोटर्स शामिल है। खास बात ये है कि इस वार्ड में पुरुषों से ज्यादा महिला वाटर्स है। हालांकि, अंतर 8 महिला वोटर्स का ही है। स्थानीय लोगों के मुद्दे स्ट्रीट लाइट और पार्किंग: स्थानीय लोगों ने बताया कि यहां सबसे ज्यादा परेशानी बेसहारा गोवंश के अलावा स्ट्रीट लाइट और पार्किंग की है। दरअसल, इस वार्ड में न्यू पॉवर हाउस वाला इलाका भी लगता है। स्थानीय लोगों का कहना था कि यहां ट्रैफिक काफी रहता है। बारिश में भी जाम जैसी स्थिति हो जाती है। सड़कें भी टूटी है। वार्डवासियों का कहना था कि पार्षद जो भी बने सबसे पहले पार्किंग और स्ट्रीट लाइट के हालात सुधरने चाहिए। वार्ड नंबर: 40- यहां भाजपा और कांग्रेस में सीधी टक्कर क्यों है हॉट सीट: यहां भाजपा से पूर्व डिप्टी मेयर देवेंद्र सालेचा है। देवेंद्र सालेचा भी भाजपा के कद्दावर नेताओं में आते हैं। संघ से भी जुड़ाव है। जबकि कांग्रेस के प्रत्याशी नरेशचंद्र जोशी है। पूर्व जिलाध्यक्ष के पद पर भी रह चुके हैं। ब्राह्मण समाज का बड़ा चेहरा है। कांटे की टक्कर क्यों: दरअसल, शहर के 19 वार्ड ऐसे हैं, जहां पर भाजपा कांग्रेस में सीधी टक्कर है। इनमें एक वार्ड ये भी शामिल है। यानी यहां पर कोई निर्दलीय या बागी उम्मीदवार नहीं है जो दोनों के वोट बैंक पर इफेक्ट डालेगा। देखना ये है कि दो प्रत्याशियों के बीच इस कांटे की टक्कर में कौन बाजी मारता है। वोटर्स का गणित: यहां पुरुषों से 56 महिला वोटर्स ज्यादा इस वार्ड में कुल 7 हजार 126 वोटर्स है। लेकिन, खास बात ये है कि यहां महिला वोटर्स की संख्या पुरुषों से ज्यादा है। यहां पुरुष वोटर्स 3 हजार 535 है, जबकि महिला वोटर्स की संख्या 3 हजार 591 हैं।