नगर निगम चुनाव का प्रचार अंतिम दौर में है। वहीं, मूलभूत समस्याओं को लेकर जनता भी प्रत्याशियों के विरोध में उतर आई है। सड़क की परेशानी को लेकर रिंगरोड कपूरावाला बगरू विधानसभा के वार्ड-59 की सात ढाणियों के मतदाताओं ने चुनाव का बहिष्कार कर दिया। मंगलवार को लोगों ने रैली निकाली। इस दौरान बुजुर्ग महिलाएं कीचड़ में बैठ गईं। मतदाताओं का कहना है कि 20 साल से सड़क के लिए तरस रहे हैं। मंत्री, विधायक, जेडीए, निगम सबको ज्ञापन दे-देकर थक गए हैं। 2007-08 में रिंग रोड से कपूरावाला टोडावतों की ढाणी तक 3 किमी सड़क बनाई गई थी। यह सड़क जल्द ही उखड़ गई। जगह-जगह गड्ढे बन गए। बीते 20 साल में पुरानी ढाणियों के साथ आसपास नई बसावट हो गई, लेकिन सड़क नहीं बनी। स्थानीय निवासी कीचड़ में से निकलने को मजबूर हैं। 600 मतदाताओं ने किया मतदान का बहिष्कार टोडावतों की ढाणी के साथ खोजियों की ढाणी, पांचू की ढाणी, जटवालों की ढाणी, जगदीश विहार प्रथम, पारीकों की ढाणी सहित आसपास नया इलाका बस गया। यह इलाका निगम के वार्ड 59 में है। चुनाव प्रचार के लिए आ रहे प्रत्याशियों का विरोध किया जा रहा है। कैलाश टोडावत ने बताया कि स्थानीय महिलाओं और पुरुषों ने विरोध प्रदर्शन किया। इलाके में 600 मतदाता हैं और अब 11 सितंबर होने वाले चुनाव में मतदान से बहिष्कार का ऐलान किया है। जेडीए- जल्द ठीक करेंगे, जनता- सड़क नहीं बनने तक आंदोलन विरोध प्रदर्शन के दौरान बुजुर्ग महिलाएं कीचड़ में बैठ गईं। इधर, जेडीए ने क्षतिग्रस्त सड़क को जल्द ठीक करवाने का आश्वासन दिया है। वहीं मतदाताओं ने सड़क नहीं बनने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी है।