पाली में अग्रसेन जयंती महोत्सव के तहत रविवार सुबह अग्रवाल समाज की ओर से भगवान अग्रसेन की शोभायात्रा निकाली गई। गाजे-बाजे के साथ निकली शोभायात्रा में बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए। पुरुष भगवान अग्रसेन के जयकारे लगाते हुए और महिलाएं मंगल गीत गाते हुए चल रही थीं। वहीं, जोश से भरे युवा पूरे रास्ते रथ को हाथों से खींचते नजर आए। जगह-जगह फूल बरसाकर शोभायात्रा का स्वागत किया गया। देखें … शोभायात्रा की तस्वीरें शोभायात्रा सुबह करीब 10 बजे शहर के फतेहपुरिया पोल से रवाना हुई। इसमें बच्चों का बैंड, भगवान अग्रसेन का रथ, बाहुबली हनुमान और राधा-कृष्ण की झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। शोभायात्रा में युवक-युवतियां सिर पर साफा बांधकर बैंडवादन करते हुए भी शामिल हुए। पूरे रास्ते धार्मिक जयकारों के बीच माहौल भक्तिमय बना रहा। अन्य संगठनों और समाजों ने भी शोभायात्रा का स्वागत किया। शोभायात्रा फतेहपुरिया पोल से रवाना होकर बादशाह झंडा, सर्राफा बाजार, रूई कटला और धानमंडी होते हुए अग्रसेन भवन पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए रास्ते में पुलिस जाप्ता भी तैनात रहा। अग्रसेन भवन में महाप्रसादी का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में अग्रवाल समाज के लोग शामिल हुए।