पाली जिले के शिवपुरा थाना क्षेत्र के धाकड़ी गांव में गुरुवार रात चोरों ने दो बंद मकानों को निशाना बनाया। चोर दोनों मकानों के ताले तोड़कर अंदर घुसे और वहां से सामान लेकर फरार हो गए। मुंबई में बैठे एक मकान मालिक ने ऑनलाइन सीसीटीवी कैमरे में चोरों को देखा तो तुरंत ग्रामीणों को फोन कर सूचना दी, लेकिन उनके पहुंचने से पहले ही चोर भाग निकले। सूचना पर शिवपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फिलहाल दोनों मकानों से चोरी हुए सामान का पता मकान मालिकों की रिपोर्ट के बाद ही चल सकेगा। मुंबई में बैठे मकान मालिक ने CCTV में देखा धाकड़ी गांव के जैन मोहल्ले में महेंद्र तातेड़ और तेजराज तातेड़ के मकान हैं। दोनों कामकाज के सिलसिले में मुंबई में रहते हैं। गुरुवार रात करीब 1 से 3 बजे के बीच चार चोर मोहल्ले में पहुंचे और बंद मकानों के ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। इस दौरान मुंबई में बैठे महेंद्र तातेड़ ने ऑनलाइन सीसीटीवी कैमरे चेक किए तो उन्हें अपने मकान के बाहर चोर नजर आए। उन्होंने तुरंत धाकड़ी निवासी कमलेश गोयल सहित अन्य ग्रामीणों को फोन कर घटना की जानकारी दी। ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक चोर फरार हो चुके थे। इसके बाद शिवपुरा थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। मजदूरों के सामने से भागे चोर जिस जैन मोहल्ले में दोनों मकानों में चोरी हुई, वहां जैन समाज के भवन का निर्माण कार्य चल रहा है। गुरुवार रात सीमेंट के कट्टों से भरा एक ट्रैक्टर मोहल्ले में पहुंचा और चोरी की वारदात वाले मकान के सामने आकर रुका। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर के पहुंचने से चोर घबरा गए और मजदूरों के सामने ही मकान से निकलकर भागने लगे। मजदूर कुछ समझ पाते, इससे पहले ही चोर वहां से फरार हो गए। CCTV में नजर आए चार चोर सीसीटीवी फुटेज में चार संदिग्ध नजर आए हैं। उन्होंने अपनी पहचान छिपाने के लिए चादर से शरीर और चेहरा ढक रखा था। फुटेज के अनुसार, चोरों ने पहले एक मकान के ताले तोड़े। इसके बाद वे दोबारा लौटे और दूसरे मकान में भी चोरी कर फरार हो गए। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने और उनकी तलाश में जुटी है। दोनों मकानों से चोरी हुए सामान और नुकसान का वास्तविक आकलन मकान मालिकों की रिपोर्ट के बाद हो सकेगा।