राजस्थान क्रिकेट संघ की ओर से आयोजित पुरुष वर्ग की अंडर-14 क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए जिला क्रिकेट संघ पाली की टीम के चयन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। क्रिकेट एकेडमी हाउसिंग बोर्ड में टीम चयन के लिए ट्रायल आयोजित किए जा रहे हैं। जिसमें 100 से अधिक युवा खिलाड़ियों ने भाग लिया। जिला क्रिकेट संघ पाली के सचिव धर्मवीर सिंह शेखावत ने बताया- ट्रायल के पहले दिन कोच रवि प्रकाश तुंगरिया, पारस चौधरी एवं अभिषेक पंवार ने सभी खिलाड़ियों के दस्तावेजों की जांच की। इसके बाद खिलाड़ियों की पात्रता सुनिश्चित की गई। ट्रायल के दूसरे दिन मंगलवार को कोच रवि प्रकाश ने खिलाड़ियों की प्रतिभा और खेल कौशल को परखा। इस दौरान खिलाड़ियों की बल्लेबाजी, गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण सहित क्रिकेट की विभिन्न बारीकियों पर ध्यान दिया गया। कोच ने खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए आवश्यक तकनीकी सुझाव भी दिए। चयन प्रक्रिया के आधार पर जिला क्रिकेट संघ पाली की अंडर-14 टीम का गठन किया जाएगा, जो राजस्थान क्रिकेट संघ की प्रतियोगिता में पाली जिले का प्रतिनिधित्व करेगी। अरबाज बने यूथ कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष, जितेंद्र युवा सचिव यूथ कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव में पाली जिले के युवाओं ने शानदार प्रदर्शन किया। 1488 वोट हासिल कर पाली के अरबाज खान यूथ कांग्रेस पाली के ब्लॉक अध्यक्ष बने। इसी तरह जितेंद्र सोलंकी 7666 वोट हासिल कर प्रदेश युवा कांग्रेस सचिव बने। बता दें कि कांग्रेस की ओर से ऑनलाइन वोटिंग करवाई गई थी। जिसमें 18 से 35 साल के आयु वर्ग के लोगों ने वोटिंग की थी। उसी आधार पर प्रत्याशियों को पद दिए गए। चुनाव परिणाम सामने आने के बाद दोनों ने संगठन को और मजबूत करने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने की बात कही। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को उनके समर्थकों ने बधाई दी। पाली के जावेद बने मिस्टर राजस्थान राजधानी जयपुर में आयोजित 6वीं समर मिस्टर राजस्थान स्टेट बॉडी बिल्डिंग चैंपियनशिप-2026 में पाली जिले के युवा बॉडी बिल्डर मोहम्मद जावेद हमजा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया। 3 से 4 अक्टूबर तक जयपुर के पिंक सिटी प्रेस क्लब एवं यूथ हॉस्टल, एसएमएस स्टेडियम में आयोजित प्रतियोगिता में राजस्थान के विभिन्न जिलों से करीब 170 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में जावेद हमजा ने 75 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किया। इसके साथ ही उन्होंने चैंपियन ऑफ चैंपियन का खिताब और टाइटल बेल्ट भी अपने नाम की। राजस्थान बॉडी बिल्डिंग संगठन के अध्यक्ष नवीन यादव एवं सचिव अशोक ओडिच्या ने जावेद हमजा को मेडल पहनाकर एवं अवार्ड देकर सम्मानित किया। वूशु संघ सचिव मोहम्मद आसिफ, अब्दुल रऊफ, शारीरिक शिक्षक मानवर भाटी, अख्तर रजा, यूथ कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष अरबाज खान अज्जू, आसिफ अफरीदी सहित अनेक खेलप्रेमियों ने पाली पहुंचने पर उनका बहुमान किया।