भास्कर न्यूज| भरतपुर नगर निकाय चुनाव में हर मतदाता बेखौफ होकर अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सके, इसके लिए मंगलवार को पुलिस अधिकारी खुद शहर के बाजारों में पहुंचे। अधिकारियों ने व्यापारियों, दुकानदारों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों से सीधा संवाद किया और कहा- बिना किसी डर या दबाव के वोट करें। चुनाव के दौरान कोई समस्या हो या किसी तरह का दबाव बनाया जाए तो तुरंत पुलिस को बताएं। पुलिस आपकी सुरक्षा के लिए मौजूद है। चुनाव में शांतिपूर्ण और भयमुक्त मतदान का माहौल बनाने के लिए जिला पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मीना के निर्देशन में यह फ्लैग मार्च निकाला गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र कुमार यादव और सहायक पुलिस अधीक्षक आशिमा वासवानी के नेतृत्व में अधिकारी और जवान गणेश मंदिर से पैदल रवाना हुए। पुलिस का काफिला धाऊ पायासा, अटलबंद मंडी, लक्ष्मण मंदिर, कोतवाली, गांधी पार्क, बासन गेट, केतन गेट और मथुरागेट होते हुए बिजलीघर चौराहे तक पहुंचा। बाजार में पुलिस अधिकारियों ने लोगों से बातचीत की और चुनाव के दौरान किसी भी तरह की परेशानी होने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की। इसके अलावा भरतपुर से सटे यूपी बॉर्डर पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। नाकों और चौराहों पर भी कड़ी निगरानी:- एएसपी आशिमा वासवानी ने बताया कि चुनाव को देखते हुए फ्लैग मार्च के साथ सघन नाकाबंदी और गश्त की जा रही है। प्रमुख मार्गों, चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच की जा रही है। चुनाव को प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। पुलिस की टीमें नाकाबंदी के दौरान अवैध शराब, हथियार, नकदी और अन्य प्रतिबंधित सामग्री की जांच कर रही हैं।