भास्कर न्यूज। धौलपुर नगर निकाय चुनाव के प्रथम चरण के मतदान के लिए मंगलवार को पोलिंग पार्टियां राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, बाड़ी रोड से रवाना हुईं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि सभी मतदान दलों को अंतिम प्रशिक्षण और मतदान सामग्री देकर रूट वाइज उनके केंद्रों पर भेजा गया है। मतदान केंद्रों पर बिजली, पानी, भोजन, बिस्तर और पुलिस जाब्ता सहित व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। बुधवार को धौलपुर नगर परिषद, मनियां, सैंपऊ और राजाखेड़ा में 1 लाख 38 हजार 412 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि पोलिंग पार्टियों को मतदान केंद्रों पर पहुंचने के बाद सूचना देने और व्यवस्थाओं का फीडबैक देने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी कमी को समय रहते दूर किया जा सके। अंतिम प्रशिक्षण के दौरान चुनाव पर्यवेक्षक अरुण कुमार शर्मा, जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान, उपखंड अधिकारी धौलपुर सुरेश राव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। मतदान का समय सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक रहेगा। जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदाताओं से भयमुक्त होकर मतदान करने और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपनी भूमिका निभाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मतदान के बाद मतदाता मतदान केंद्र पर अनावश्यक रूप से नहीं रुकें और शांति बनाए रखें। धौलपुर। नगर निकाय चुनाव के पहले चरण में 9 सितंबर को होने वाले मतदान को लेकर धौलपुर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। धौलपुर नगर परिषद, राजाखेड़ा, मनियां और सैंपऊ के कुल 135 वार्डों के 176 मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण,निष्पक्ष और भयमुक्त मतदान कराने के लिए करीब 1200 पुलिस अधिकारी- जवान तैनात किए गए हैं। एसपी विकास सांगवान ने बताया कि चुनाव ड्यूटी में 3 अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, 6 पुलिस उप अधीक्षक, 14 निरीक्षक और 16 उप निरीक्षक सहित 1155 पुलिस अधिकारी-जवान लगाए गए हैं। इनके अलावा अन्य बल को मिलाकर करीब 1200 पुलिसकर्मी सुरक्षा व्यवस्था में रहेंगे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा के सुपरविजन में पुलिस अधिकारी मतदान प्रक्रिया, कानून-व्यवस्था और निर्वाचन आचार संहिता के पालन की लगातार निगरानी करेंगे। हर मतदान केंद्र पर दो जवान, 48 भवनों पर अतिरिक्त सुरक्षा: प्रथम चरण के सभी 176 मतदान केंद्रों पर दो-दो पुलिस जवान तैनात किए गए हैं। वहीं, चारों निकाय क्षेत्रों में चिन्हित 48 संवेदनशील एवं अति संवेदनशील मतदान भवनों पर 1-4 का अतिरिक्त पुलिस जाप्ता लगाया गया है। इनमें दो पुलिसकर्मी सशस्त्र रहेंगे। इन केंद्रों पर विशेष निगरानी और सतत भ्रमण व्यवस्था रहेगी। नगर निकाय आम चुनाव 2026 के अन्तर्गत पार्षदों के पद पर मतदान के लिए मतदाता को अपना मतदाता परिचय पत्र मतदान केन्द्र में ले जाना होगा। यदि कोई मतदाता किसी भी कारण से फोटो पहचान पत्र प्रस्तुत करने में असमर्थ रहता है तो मतदान के लिए उसे राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा अनुमोदित किए गए 11 वैकल्पिक फोटो दस्तावेजों में से कोई एक मूल दस्तावेज प्रस्तुत करना आवश्यक होगा। इन दस्तावेजों में आधार कार्ड, विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार और आजीविका मिशन ग्रामीण/मनरेगा कार्ड, बैंक या डाकघर द्वारा जारी किए गए फोटोयुक्त पासबुक, श्रम मंत्रालय की योजनाओं के अन्तर्गत जारी स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड/आयुष्मान भारत हेल्थ कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड आदि दस्तावेज जरूरी है। 14 सुपरवाइजर अधिकारी और 26 मोबाइल पार्टियां रहेंगी सक्रिय... चुनाव व्यवस्था की प्रभावी मॉनिटरिंग के लिए जिले में चार सीनियर सुपरवाइजर अधिकारी तथा चारों निकाय क्षेत्रों में कुल 14 पुलिस सुपरवाइजर अधिकारी तैनात किए गए हैं। प्रत्येक को चार पुलिसकर्मियों का जाप्ता उपलब्ध कराया गया है। इसके अलावा 26 मोबाइल पार्टियां लगातार अपने निर्धारित क्षेत्रों में भ्रमण करेंगी। ये मतदान केंद्रों का निरीक्षण करने के साथ संदिग्ध गतिविधियों, असामाजिक तत्वों की मौजूदगी और कानून-व्यवस्था संबंधी स्थिति पर तत्काल कार्रवाई करेंगी।पुलिस ने कहा कि किसी भी अफवाह, भ्रामक सूचना या संदिग्ध गतिविधि पर विश्वास न करें। इसकी सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस या जिला पुलिस कंट्रोल रूम के नंबर 9530411842 अथवा 9530411843 पर दें।