सुरक्षित परिवहन व्यवस्था और आमजन की सुगम आवाजाही में वाहन चालकों के योगदान को सराहने के उद्देश्य से जिलेभर में ड्राइवर्स डिग्निटी डे-2026 के तहत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। अभियान का मुख्य मकसद चालकों के प्रति सम्मान व्यक्त करना और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। इस दौरान रेलमगरा स्थित अशोक लीलैंड वाहन चालक प्रशिक्षण संस्थान, कांकरोली स्थित प्राइवेट बस ओनर्स सोसाइटी कार्यालय, और विभिन्न थाना क्षेत्रों में चालकों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए। आयोजनों में बेहतरीन और सुरक्षित वाहन संचालन का रिकॉर्ड रखने वाले चालकों को सम्मानित भी किया गया। रेलमगरा में आयोजित विशेष कार्यक्रम में सड़क सुरक्षा और जिम्मेदार वाहन संचालन पर जोर दिया गया। वक्ताओं ने चालकों को परिवहन व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी बताया। उन्होंने उनके लिए अनुशासित और सुरक्षित कार्य वातावरण उपलब्ध कराने की बात कही। इस दौरान उपस्थित अधिकारियों और चालकों ने निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, सीट बेल्ट व हेलमेट का उपयोग करने, गाड़ी चलाते समय मोबाइल का प्रयोग न करने, और नशे की हालत में वाहन न चलाने की शपथ ली। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए संस्थान परिसर में पौधरोपण भी किया गया। इसी तरह, कांकरोली में ऑटो, बस और टैक्सी चालकों से सीधा संवाद कर उन्हें सुरक्षा नियमों की पालना के लिए प्रेरित किया गया। कांकरोली बस स्टैंड स्थित प्राइवेट बस ओनर्स सोसाइटी कार्यालय में साइबर सुरक्षा अभियान के तहत भी एक विशेष सत्र आयोजित किया गया। इस दौरान चालकों, परिचालकों और वाहन स्वामियों को बढ़ते साइबर अपराधों, और ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी से बचने के तरीके बताए गए। कार्यक्रम में ऑनलाइन भुगतान सुरक्षा से संबंधित पर्चे बांटे गए। विभिन्न ट्रांसपोर्ट संघों के प्रतिनिधियों को स्मृति चिह्न और उपरणा ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। पुलिस प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि वे वाहन चालकों के श्रम और कार्य की गरिमा का सम्मान करें। सड़क पर धैर्य और जिम्मेदारी के साथ व्यवहार करें।